काल भैरव पर सक्रिय ठगों की गैंग गिरफ्तार

अक्षरविश्व न्यूज उज्जैन। उज्जैन दर्शन करने आने वाले श्रद्धालुओं के साथ ठगी करने वाले 9 आरोपियों को सोमवार शाम पुलिस की टीम ने कालभैरव मंदिर के पास से गिरफ्त में लिया है। सभी लोग मंदिर की कतार में लगे दर्शनार्थियों को शीघ्रता से दर्शन कराने, मंदिर में खुद के संपर्कों का लाभ दिलाने का लालच देकर रुपए ठगते थे। हालांकि, इन सभी के खिलाफ इस तरह की कोई शिकायत नहीं होने की वजह से पुलिस केवल प्रतिबंधात्मक धारा में ही केस दर्ज कर सकी है।

भैरवगढ़ पुलिस को लंबे वक्त से कालभैरव मंदिर पर ऐसी गैंग के सक्रिय होने की सूचना मिल रही थी जो बाहरी दर्शनार्थियों से शीघ्र दर्शन करवाने के एवज में रुपए वसूल रही थी। सोमवार को पुलिस की टीम ने सभी की एक साथ धरपकड़ की। इनके नाम लखन पिता बंशीलाल, हर्ष पिता राजेश भाटी, गगन पिता योगेश, मुकेश पिता हीरालाल, विनय पिता विजय, विकास पिता मुकेश, कुंदन पिता कैलाश, दीपक पिता बाबूलाल और लखन पिता मोहनलाल है। भैरवगढ़ थाना प्रभारी आर.एस. शक्तावत के मुताबिक सभी के खिलाफ प्रतिबंधात्मक धारा के तहत केस दर्ज कर एसडीएम के आदेश पर सभी 9 आरोपियों को जेल भेज दिया गया है।
शिकायतकर्ता नहीं इसलिए कार्रवाई भी नहीं
प हला मौका है जब काल भैरव मंदिर से शीघ्र दर्शन कराने के एवज में ठगी करने वाला गिरोह पकड़ा गया है लेकिन इस मामले में पुलिस ठोस कार्रवाई नहीं कर सकी। किसी शिकायतकर्ता का सामने आकर शिकायत नहीं करना इसकी मुख्य वजह है। इससे पहले महाकालेश्वर मंदिर में भस्मार्ती परमिशन, शीघ्र दर्शन, होटल बुकिंग जैसे लालच देकर लोगों के साथ ठगी किए जाने के मामले सामने आते रहे हैं। इनमें भी केवल उन्हीं प्रकरणों में कार्रवाई हो सकी जिनमें श्रद्धालुओं ने खुद एफआईआर दर्ज करवाई। भैरवगढ़ क्षेत्र में पकड़े गए सभी नौ आरोपी मंदिर के आसपास ही छुटपुट कारोबार भी करते हैं।









