युवक को शिकार बनाने से पहले लुटेरी दुल्हन पुलिस के हाथ लगी

शादी का झांसा देकर लूटने वाला गिरोह गिरफ्तार, आरोपियों को लिया रिमांड पर
Thank you for reading this post, don't forget to subscribe!
अक्षरविश्व न्यूज. उज्जैन:पुलिस ने शादी का झांसा देकर लूटने वाले गिरोह को गिरफ्तार किया है। गिरोह में शामिल लुटेरी दुल्हन एक युवक को शिकार बनाने से पहले पुलिस के हाथ लग गई। पुलिस प्रकरण दर्ज कर मामले की आगे जांच कर रही है।

तेलंगाना की लुटेरी दुल्हन और उसके गिरोह को उज्जैन जिले के महिदपुर के युवक को फंसाकर शादी की और आभूषण के साथ हजारों रुपए लूटकर फरार हो गए थे। पीडि़त युवक ने योजना बनाकर लुटेरी दुल्हन को साथियों के साथ गिरफ्तार करवा दिया। इसके साथ ही आलोट के एक युवक को लुटेरी दुल्हन और उसके गिरोह का शिकार बनने से बचा लिया। अब पुलिस आरोपियों को रिमांड पर लेकर उनके साथियों का पता लगाने का प्रयास कर रही है।
उज्जैन से 65 किमी दूर महिदपुर निवासी दिलीप शादी के लिए काफी समय से लड़की तलाश रहा था। आजमाबाद गांव के जीवन परमार ने उसे तेलंगाना निवासी 25 वर्षीय श्रुति से अविवाहित बताते हुए मिलवाया था। श्रुति के कथित परिजनों की शर्त अनुसार 1.50 लाख रुपए देने पर दोनों ने 27 जनवरी 2024 को कोर्ट में शादी की। श्रुति विवाह के तीन दिन बाद ही दिलीप के घर से 50 हजार रुपए और सोने-चांदी के जेवरात लेकर फरार हो गई।
घटना के समझ आते ही दिलीप, उसके दोस्त और उसके परिजन मिलकर श्रुति की तलाश में जुट गए। उन्होंने वाट्सएप पर ग्रुप बनाकर क्षेत्र में घटना की जानकारी देने के साथ लगातार लुटेरी दुल्हन और उसके गिरोह को खोजने का प्रयास करते रहे। इससे पता चला कि श्रुति आलोट क्षेत्र के भीमगोल गांव में नए युवक को शिकार बनाने वाली है। जानकारी मिलते ही दिलीप अपने दोस्तों और परिवार सहित गांव पहुंचा। वहां उसने लुटेरी दुल्हन श्रुति को पूरे गिरोह के साथ पकड़ा और पुलिस के हवाले कर दिया।
जांच के लिए तेलंगाना जाएगी पुलिस
पुलिस रिकॉर्ड के अनुसार, प्रकरण में तेलंगाना का उत्तम सिंह और शाजापुर के दरबार झारड़ा की पूजा फरार है। मामले की जांच कर रहे एसआई यादवेंद्र सिंह परिहार ने बताया कि गिरफ्तार आरोपियों को 11 मार्च तक के लिए रिमांड पर लिया गया है। अब प्रकरण में फरार लोगों को तलाशने के लिए पुलिस तेलंगाना जाएगी।








