तुअर की आड़ में गांजे के पौधे, पुलिस ने काटी फसल

70 किलो वजनी 5 लाख से अधिक के गीले पौधे बरामद
Thank you for reading this post, don't forget to subscribe!
अक्षरविश्व न्यूज उज्जैन। एक किसान ने खेत में तुअर की फसल लगाई। इसी फसल के बीच उसने गांजे के बीज भी रोप दिए। दोनों फसलों के पौधे साथ-साथ बड़े होने लगे। तुवर में फली तो नहीं आई लेकिन गांजे के पौधे लहरा गए। खाचरौद पुलिस को इसकी जानकारी लगी तो अफसरों ने यहां पहुंचकर गांजे की फसल कटवाई और एक व्यक्ति को गिरफ्तार कर उसके खिलाफ एनडीपीएस का केस दर्ज किया।
एसआई एस.एल. मौर्य ने बताया कि एक व्यक्ति ने थाने पर सूचना दी थी कि ग्राम आक्याजागीर में रहने वाला कन्हैयालाल पिता भेरूलाल ने उसके जंगल स्थित खेत में बड़ी मात्रा में गांजे की फसल उगाई है जिसके आसपास तुअर की फसल लगी है इस कारण गांजे की फसल सामान्य रूप से दिखाई नहीं देती। सूचना की पुष्टि कर थाना प्रभारी के साथ पुलिस टीम ने ग्राम आक्याजागीर के जंगल में स्थित कन्हैयालाल के खेत पर दबिश दी। काफी देर खोजबीन करने के बाद गांजे के लहराते पौधे दिखाई दिए।
450 नग पौधों का वजन 70 किलो
पुलिस ने बताया कि तुअर की फसल के बीच लगे गांजे के 450 नग गांजे के पौधे स्टाफ के लोगों ने काटकर एक जगह एकत्र किए। इनका वजन कराया गया जो 70 किलो 100 ग्राम निकला। उक्त पौधों की कीमत करीब 5 लाख 60 हजार रुपए है। यहां से कन्हैयालाल को गिरफ्तार कर पौधे जब्त किए गए।
पूछताछ में होगा खुलासा
पुलिस ने बताया कि कन्हैयालाल को गांजे की खेती करते हुए रंगे हाथों गिरफ्तार किया गया है। उसके खिलाफ धारा 8/२० एनडीपीएस के तहत केस दर्ज किया गया। उसे कोर्ट में पेश कर रिमांड पर लिया जाएगा। वह गांजा किन लोगों को बेचता था इसकी जानकारी जुटाना है। एसआई मौर्य ने बताया कि कन्हैयालाल के खिलाफ खाचरौद थाने में एनडीपीएस का पूर्व से केस दर्ज नहीं है।