Advertisement

बारिश का कहर : महाराष्ट्र के 3 हजार गांव डूबे, गुजरात में गरबा पंडाल गिरे

15 अक्टूबर तक देश से विदा होगा मानसून : इस बार पिछले साल की तुलना में ज्यादा बारिश

Thank you for reading this post, don't forget to subscribe!

Advertisement

नईदिल्ली/मुंबई, एजेंसी। गुजरात और महाराष्ट्र में मंगलवार को कई हिस्सों में तेज हवाओं के साथ भारी बारिश हुई। इससे वलसाड और नवसारी जिलों में कई घर क्षतिग्रस्त हो गए। द्वारका में कल्याणपुर को पोरबंदर से जोडऩे वाला स्टेट हाईवे डूब गया। कल्याणपुर के पास एक कार पानी में बह गई। वडोदरा में गरबा पंडाल गिर गए।

महाराष्ट्र के मराठवाड़ा क्षेत्र के आठ जिलों में 3,050 गांव बाढ़ से प्रभावित हैं। 1 जून से 29 सितंबर तक बारिश-बाढ़ के कारण 104 लोगों की मौत हो गई है। नांदेड़ में सबसे ज्यादा 28 लोगों की मौत हुई। इसके अलावा संभाजीनगर, बीड, हिंगोली, जालना, धाराशिव, परभणी और लातूर में लोगों की जान गई। मराठवाड़ा की 2,701 किलोमीटर सडक़ें टूट गईं और 1,504 पुल क्षतिग्रस्त हुए हैं। 1,064 स्कूल, 352 केंद्र और 58 सरकारी बिल्डिंग खराब हुईं। बारिश और बाढ़ को देखते हुए महाराष्ट्र बोर्ड ने 12वीं क्लास के एग्जाम फॉर्म भरने की तारीख 30 सितंबर से बढ़ाकर 20 अक्टूबर कर दी है। मौसम विभाग के मुताबिक, पूरे देश से मानसून की विदाई तय समय 15 अक्टूबर तक होने की संभावना है। पिछले साल भी मानसून 15 अक्टूबर को विदा हुआ था। देश में 1 जून से 30 सितंबर तक होने वाली बारिश मानसूनी मानी जाती है। इसके बाद भी छिटपुट बारिश जारी रहती है।

Advertisement

गुजरात में आज से तीन दिन भारी बारिश का अलर्ट
मौसम विभाग ने मंगलवार से 5 अक्टूबर तक गुजरात में बारिश की संभावना जताई है। अगले 3 दिनों तक खासकर सौराष्ट्र और कच्छ में भारी बारिश की संभावना है। सौराष्ट्र के राजकोट, द्वारका, पोरबंदर, जूनागढ़, गिर सोमनाथ और दीव में आज भारी बारिश को लेकर ऑरेंज अलर्ट जारी किया गया है। जामनगर, अमरेली और कच्छ में हल्की से मध्यम बारिश का यलो अलर्ट है।

यूपी में दशहरे से पहले एक बार फिर मानसून सक्रिय हो गया है। मंगलवार सुबह कानपुर, गोंडा, मथुरा, हाथरस, बरेली और नोएडा समेत 10 शहरों में तेज बारिश हुई। हाथरस में इतनी बारिश हुई कि सडक़ों में पानी भर गया। कई इलाकों की बिजली गुल हो गई। मथुरा में बिजली गिरने से 52 साल की महिला मीरा देवी की मौत हो गई। पश्चिम यूपी के कई जिलों में बादल छाए हैं। मौसम विभाग ने आज 17 जिलों में बारिश का यलो अलर्ट जारी किया है। प्रदेश में 8 दिनों बाद बारिश का दौर शुरू हुआ है।

Advertisement

अगले सात दिन कई राज्यों में बारिश की संभावना
1 अक्टूबर से मध्य प्रदेश-छत्तीसगढ़, राजस्थान, बिहार समेत अन्य राज्यों में बारिश होगी। 2 दिन बाद पूर्वोत्तर राज्यों में बारिश की संभावना है। 2 और 3 अक्टूबर को दिल्ली, पंजाब और हरियाणा में हल्की बारिश के आसार हैं। थाइलैंड के आसपास एक और साइक्लोनिक सर्कुलेशन बन रहा है। इसके बंगाल की खाड़ी में पहुंचने पर बारिश का एक और दौर आएगा। मौसम विभाग ने संभावना जताई है कि बंगाल की खाड़ी में बन रहे कम दबाव के क्षेत्रों के चलते कुछ राज्यों में अगले सात दिन तक मानसून की वापसी नहीं होगी।

Related Articles

Write a review