Friday, September 22, 2023
Homeउज्जैन समाचारशहर की यातायात व्यवस्था भगवान भरोसे

शहर की यातायात व्यवस्था भगवान भरोसे

थाने में 212 का बल स्वीकृत काम कर रहे आधे से भी कम

अक्षरविश्व न्यूज.उज्जैन शहर की यातायात व्यवस्था वर्षों से भगवान भरोसे चल रही है, लेकिन महाकाल लोक बनने के बाद देशभर से उज्जैन आने वाले यात्रियों की संख्या बढऩे के बाद हालात बद से बदत्तर होते जा रहे हैं, वहीं दूसरी ओर यातायात की कमान संभालने वाले थाने का आलम यह है कि यहां स्वीकृत बल से आधे पुलिसकर्मी ही मौजूद हैं और शहर की यातायात व्यवस्था भगवान भरोसे चल रही है।

उज्जैन शहर धार्मिक राजधानी होने के कारण यहां प्रतिदिन धार्मिक आयोजन, जुलूस, रैली, चल समारोह आदि निकलते हैं। इसके अलावा महाकालेश्वर मंदिर और शहर के प्रमुख मंदिरों में दर्शनों के लिए देशभर से हजारों की संख्या में प्रतिदिन श्रद्धालुओं का आगमन भी होता है, वहीं महाकाल लोक बनने के बाद शहर में आने वाले लोगों की संख्या में दोगुना से अधिक इजाफा भी हुआ है। ऐसे में शहर की यातायात व्यवस्था पूरी तरह से ध्वस्त हो चुकी है, वहीं पुलिस अफसर व्यवस्थाएं दुरुस्त होने का झूठा दावा कर लोगों को भ्रमित कर रहे हैं।

जाम के बीच एसपी की गाड़ी भी फंस गई

sp

108 में 50 जवान होमगार्ड के जिनमें मात्र 17 कर रहे ड्यूटी

यातायात थाने में वर्तमान में मौजूद कुल 108 पुलिसकर्मियों में 50 जवान होमगार्ड के शामिल हैं। इनमें से मात्र 17 जवान ही थाने की ड्यूटी कर रहे हैं। जबकि बाकी बचे जवान अफसरों के बंगले और अन्यत्र जगहों पर काम कर रहे हैं। इसी कारण बल की कमी के चलते शहर की यातायात व्यवस्था पूरी तरह ध्वस्त होती जा रही है।

प्रमुख चौराहों पर ही लगती है ड्यूटी

शहर में स्मार्ट यातायात सिग्नल लगने के पहले यातायात थाने द्वारा प्रमुख चौराहों पर पुलिस जवानों की ड्यूटी लगाई जाती थी, लेकिन वर्तमान में चामुंडा माता, कोयला फाटक, देवास गेट, तीन बत्ती चौराहा आदि स्थानों पर ऑटोमैटिक ट्रैफिक सिग्नल लगने के बाद यहां से यातायात के जवानों को हटाकर महाकाल मंदिर के आसपास नृसिंह घाट, हरसिद्धि, कोट मोहल्ला चौराहा आदि स्थानों पर ड्यूटी लगाई गई है।

यह है थाने की सच्चाई…

यातायात थाने में दो डीएसपी एचएन बाथम और सुरेंद्रपाल सिंह राठौर पदस्थ हैं। एसपी द्वारा शहर को दो भागों में विभाजित कर दोनों डीएसपी के बीच कार्य विभाजन किया गया है। जिसकी देखरेख एएसपी स्तर के अधिकारी करते हैं। वर्तमान में यातायात थाने में कुल 212 पुलिस का बल स्वीकृत है। जबकि इसके मुकाबले थाने में निरीक्षक, सूबेदार, उपनिरीक्षक, सहायक उपनिरीक्षक, प्रधान आरक्षक, आरक्षक, सैनिक मिलाकर कुल 108 पुलिसकर्मी ही ड्यूटी कर रहे हैं।

इनका कहना

शहर की यातायात व्यवस्था और बल की कमी के संबंध में अधिकारियों को अवगत कराया गया है उन्हीं के स्तर पर अतिरिक्त बल उपलब्ध कराने की कार्रवाई की जाना है।
एचएन बाथम डीएसपी यातायात

डबल ड्यूटी लगाकर करा रहे काम….

यातायात थाने में पदस्थ पुलिसकर्मियों की अलग-अलग शिफ्ट में ड्यूटी लगाकर अफसरों द्वारा काम कराया जा रहा है। थाने से मिली जानकारी के अनुसार शहर के प्रमुख पॉइंट देवासगेट, चामुंडा माता, कोयला फाटक, नानाखेड़ा, टावर चौक आदि स्थानों पर सुबह 9 से दोपहर 2 एवं शाम 4:30 बजे से रात 10 बजे तक ड्यूटी कराई जा रही है।

वहीं कार्यालयीन कार्य के लिए सुबह 6 से दोपहर 12 फिर 12 से शाम 6 और शाम 6 से रात 10बजे तक प्रधान आरक्षक और आरक्षक की ड्यूटी लगाने के साथ ही रात्रिकालीन शिफ्ट में दोबारा ड्यूटी लगाई जा रही है।

जरूर पढ़ें

मोस्ट पॉपुलर