Monday, December 4, 2023
Homeउज्जैन समाचारअष्टमी पर हुई शासकीय नगर पूजा, सेल्फी पर उखड़े कलेक्टर, मोरपंख से...

अष्टमी पर हुई शासकीय नगर पूजा, सेल्फी पर उखड़े कलेक्टर, मोरपंख से बला उतारी

अष्टमी पर 24 खंभा पर माता महालाया, महामाया का विशेष पूजन

अक्षरविश्व न्यूज. उज्जैन शारदीय नवरात्रि की महाष्टमी पर आज रविवार सुबह नगर व जिले की सुख समृद्धि के लिए कलेक्टर कुमार पुरुषोत्तम ने 24 खंभा माता महालाया और महामाया का विशेष पूजन अर्चन कर नगर पूजा की। मदिरा की धार से यह खास पूजा हुई जो साल में केवल एक बार ही होती है। मोरपंख से कलेक्टर पुरुषोत्तम की बला भी उतारी गई। बाद में एक युवक द्वारा उनके साथ सेल्फी ली गई, जिससे कलेक्टर नाराज हो गए।

नगर की रक्षा और सुख समृद्धि के लिए उज्जैन में हर साल शारदीय नवरात्रि की महाअष्टमी पर नगर पूजा की परंपरा बरसों पुरानी है। इसी क्रम में कलेक्टर कुमार पुरूषोत्तम ने चौबीस खंबा माता मंदिर में सुबह आठ बजे पूजा की और देवी को मदिरा का भोग लगाया। पूजन पश्चात नगर पूजा की शुरुआत हुई। ढोल-ढमाकों और ध्वज के साथ राज्य अधिकारी, कर्मचारियों का दल पैदल नगर के अन्य माता मंदिर और भैरव मंदिरों में पूजा के लिए पहुँचा। कलेक्टर कुमार पुरुषोत्तम कुछ देर हांडी लेकर यात्रा के आगे आगे चले इसके बाद अधिकारियों, कर्मचारियों और कोटवारों का दल 27 किलोमीटर लंबी नगर पूजा की यात्रा पर निकला।

ढोल और ध्वज के साथ यह यात्रा नगर के लगभग 40 से अधिक मंदिरों तक पहुंची, जहां विशेष पूजन अर्चन किया जाएगा। यात्रा के आगे आगे हांडी से मदिरा की धार नगर परिक्रमा के दौरान बहती रही। कालभैरव, भूखी माता, चामुंडा माता, गढ़कालिका सहित नगर के 40 मंदिरों में पूजा की जा रही। इस दौरान भजिए, पूड़ी, बड़बाकुल का भोग मंदिरों में अर्पित किया गया।

हांडी फोड़ भैरव मंदिर पर रात में समापन

दिनभर पूजन का क्रम चलने के बाद रात करीब 8 बजे गढ़कालिका मंदिर से अंकपात मार्ग स्थित हांडी फोड़ भैरव मंदिर पर इस पूजा का समापन होगा। मान्यता है कि इस पूजा की परंपरा सम्राट विक्रमादित्य द्वारा अपने राज्य व नगर में खुशहाली व सुख समृद्धि के लिए आरंभ।की गई थी।

चुनरी ओढ़कर की कलेक्टर ने पूजा

कलेक्टर कुमार पुरुषोत्तम ने श्रद्धा के साथ पूजा अर्चना की। वे विशेष रूप से भगवा शर्ट पहनकर मंदिर पहुंचे। पूजा के दौरान पुजारी द्वारा ओढ़ाई गई चुनरी को भी काफी देर तक ओढ़े रखा। कलेक्टर ने मीडिया से कहा शहर और जिले में सुख समृद्धि बनी रहे, यही प्रार्थना की है। परंपराओं का निर्वहन करने वाली ऐसी यात्राएं सुखद होती हैं।

जरूर पढ़ें

मोस्ट पॉपुलर