हिस्ट्रीशीटर बदमाश अस्पताल से हुआ फरार सट्टा लगाने देवास गया था, वहीं से पकड़ाया

पुलिस महकमे में मचा हडक़ंप, बाद में राहत की सांस ली
Thank you for reading this post, don't forget to subscribe!
अक्षरविश्व न्यूज उज्जैन। नीलगंगा थाना क्षेत्र के हिस्ट्रीशिटर ने अपनी चालाकी से नीलगंगा पुलिस को सांसत में डाल दिया था। उसकी फरारी से पुलिस महकमें में हडक़ंप मचा हुआ था। दोनों पुलिस कर्मचारियों पर गाज गिरने वाली थी। बदमाश की एक आदत का पुलिस ने पता लगा लिया और वह बदमाश देवास से पकड़ में आ गया। पुलिस ने उसे न्यायालय में पेश किया जहां से उसे जेल भेज दिया गया है।
गौरतलब है कि नीलगंगा पुलिस ने धन्नालाल की चाल में रहने वाले बदमाश विशाल पिता सुरेंद्र पवार को रविवार दोपहर हरिफाटक ब्रिज के पास से चाकू के साथ पकड़ा था। उसके खिलाफ 25 आम्र्स एक्ट के तहत कार्रवाई की गई थी। उस पर करीब नौ प्रकरण दर्ज थे। मेडिकल परीक्षण के लिए उसे शाम को चरक अस्पताल ले जाया गया। दो पुलिस कर्मचारियों की मौजूदगी के बावजूद वह फरार हो गया। घटना के बाद अस्पताल और पुलिस महकमें में हडक़ंप मच गया। दोनों पुलिस कर्मचारियों ने अपने वरिष्ठों को जानकारी दी।
वह अक्सर देवास जाता रहता था
पुलिस ने उसकी फरारी को चुनौती के रूप में लिया और रातभर अभियान चलाया। अस्पताल से लेकर रेलवे और बस स्टैंड तक के कैमरे खंगाले गए। परिवार के लोगों से लेकर दोस्तों से पूछताछ की गई। पता चला कि वह जुए-सट्टे का आदी है। इसके लिए वह देवास जाता रहता है। पुलिस ने इस सुराग के आधार पर एक टीम देवास भेजी। गनीमत यह रही कि पुलिस को विशाल रेलवे स्टेशन पर ही मिल गया। थाने लाकर पुलिस ने उसका मौका मुआयना किया और न्यायालय में पेश किया।










