धुरेंडी का अवकाश 8 को
उज्जैन। होलिका दहन 6 और 7 मार्च की दरमियानी रात में होगा। ऐसा इसलिए क्योंकि पूर्णिमा तिथि इन दोनों दिन रहेगी। महाकालेश्वर मंदिर और अन्य मंदिरों के साथ शहर के अधिकांश जगह में 6 मार्च को होलिका दहन होगा। वहीं देश के कई हिस्सों में 7 मार्च की शाम होली जलेगी, लेकिन धुरेंडी यानी रंग खेलने का दिन पूरे देश में 8 मार्च ही होगा,क्योंकि अवकाश इस दिन ही है। मतलब देश के ज्यादातर राज्यों में होली जलने के 24 घंटे बाद ही रंग खेला जाएगा।
फाल्गुन महीने की पूर्णिमा पर होली जलती है और अगले दिन रंग लगाकर त्योहार मनाते हैं, लेकिन इस बार पूर्णिमा तिथि दो दिन तक रहेगी। इसलिए संशय हुआ है। किसी पंचांग में होलिका दहन 6 तो किसी में 7 मार्च को बताया है। पूर्णिमा 6 मार्च की शाम तकरीबन साढ़े 4 बजे शुरू होगी और 7 की शाम लगभग 6.10 तक रहेगी।
हाई स्कूल और विवि की परीक्षाएं 7 मार्च को
माध्यमिक शिक्षा मंडल द्वारा आयोजित हाई स्कूल कक्षा 10वीं की बोर्ड परीक्षा कार्यक्रम में 7 मार्च सामाजिक विज्ञान विषय का प्रश्रपत्र सुबह 9 से 12 बजे तक आयोजित होना है। इसके अलावा विक्रम विश्वविद्यालय की बीए, बीकॉम, बीकॉम आनर्स, बीएससी, बीएचएससी, बीबीए, बीसीए प्रथम वर्ष की पूरक व विशेष परीक्षाएं भी 7 मार्च को आयोजित है। परीक्षा के लिए बीए का समय सुबह 11 से 2 और अन्य परीक्षाएं दोपहर 3 से 5 बजे तक आयोजित होगी।
छुट्टी को लेकर परीक्षार्थियों में भी संशय….
रंगों के पर्व होली की छुट्टी को लेकर इस बार संशय की स्थिति तो बनी हुई है। कारण है कि कैलेंडर में 8 मार्च को धुलेंडी पर्व का अवकाश घोषित किया गया है। हालांकि इस मामले में ज्योतिषाचार्यो के अनुसार 6 मार्च को प्रदोष काल में होलिका का पूजन होने के बाद मध्य रात्रि अथवा अल सुबह दहन किया जाएगा। इसके साथ ही 7 मार्च को धुलेंडी बताई गई है। ऐसे में पर्व की छुट्टी को लेकर परीक्षार्थियों में भी संशय है।
माध्यमिक शिक्षा मंडल द्वारा आयोजित बोर्ड परीक्षा के साथ ही विक्रम विश्वविद्यालय की परीक्षाएं भी 7 मार्च को आयोजित होना है। ऐसी संशय की स्थिति यह है कि परीक्षार्थी परीक्षा देने जाएंगे या पर्व मनाएंगे। हालांकि मामले को लेकर अधिकारी भी कुछ बता नही पा रहे है। विश्वविद्यालय के मीडिया प्रभारी डॉ. शैलेंद्र कुमार शर्मा ने कहा कि शासन से जो निर्णय होगा उसके अनुसार विश्वविद्यालय निर्णय लेगा। वहीं शिक्षा विभाग के जिला परियोजना समन्वयक गिरीश तिवारी ने कहा अभी हमारे पास कोई भी पत्र या निर्देश शासन से नही आए हैं।
बाजार और दफ्तरों में अवकाश बुधवार को…
होलिका दहन भले सोमवार को हो रहा है, लेकिन शासकीय,अशासकीय और बाजारों में अवकाश बुधवार को ही रखा गया है। शासन द्वारा घोषित अवकाश 8 को है। वहीं कृषि उपज मंड़ी,दौलतगंज के साथ शहर के सभी बाजारों में बुधवार को अवकाश रखा गया है। ऐसे में परंपरागत तरीके से धुरेंडी का पर्व बुधवार को मनाया जाएगा।