Wednesday, November 29, 2023
Homeउज्जैन समाचारगृहमंत्री विधायक जैन से बोले चुनाव बाद दिल्ली आइए… गुस्सा दूर, बने...

गृहमंत्री विधायक जैन से बोले चुनाव बाद दिल्ली आइए… गुस्सा दूर, बने प्रस्तावक!

इधर आम सभा के मंच पर स्थान नहीं मिला उज्जैन के सांसद फिरोजिया को…

अक्षरविश्व न्यूज . उज्जैन विधानसभा चुनाव के लिए प्रचार का बिगुल फूंकने आए केंद्रीय गृह मंत्री अमित शाह की आम सभा में उज्जैन-आलोट संसदीय क्षेत्र के सांसद अनिल फिरोजिया को मंच पर स्थान नहीं मिला। वहीं उज्जैन में सभा के पूर्व पार्टी के कार्यकर्ताओं की गृहमंत्री से मुलाकात कराना तय हुआ था लेकिन समय की कमी से ऐसा संभव नहीं हुआ। कार्यकर्ता गृहमंत्री से भेंट करने का इंतजार ही करते रह गए।

नाराज पारसजी को पार्टी ने मनाया

विधानसभा चुनाव के सियासी समर में प्रतिष्ठा का विषय बनी उज्जैन उत्तर और दक्षिण सीट पर दाव पेच का सिलसिला जारी है। उज्जैन उत्तर सीट से टिकट नहीं मिलने के कारण नाराज चल रहे विधायक पारस जैन को भी मना लिया। गृहमंत्री शाह ने होटल रुद्राक्ष के एक बंद कमरे में उनसे चर्चा की और कहा चुनाव बाद दिल्ली आओ। विधायक अब उत्तर से भाजपा उम्मीदवार अनिल जैन कालूहेड़ा के नामांकन फॉर्म भरने में प्रस्तावक बनेंगे, ऐसी संभावना है। भाजपा के लिए विधायक जैन की नाराजगी चिंता का विषय बन गई थी।

रविवार रात उज्जैन में सभा लेने के बाद शाह ने पहले संभागीय पदाधिकारियों की मीटिंग ली फिर होटल के ही एक बंद कमरे में जैन से मुलाकात की। इस दौरान पार्टी की ओर से प्रदेश संगठन महामंत्री हितानंद शर्मा, प्रदेश भाजपा अध्यक्ष वीडी शर्मा और केंद्रीय मंत्री और प्रदेश चुनाव प्रभारी भूपेंद्र यादव ही मौजूद थे। शाह ने जैन से चर्चा की और कहा काम पर लगो। उन्होंने कहा चुनाव बाद दिल्ली आओ। सूत्रों की मानें तो भाजपा पदाधिकारियों ने यह भी बताया कि उनका टिकट इस बार क्यों रोका गया है।

इस घटनाक्रम के बाद सोमवार सुबह पार्टी प्रत्याशी कालूहेड़ा और महामंत्री विशाल राजोरिया जैन के घर पहुंचे और चुनावी तैयारी को लेकर चर्चा की। सूत्रों के अनुसार इस दौरान जैन अब कालूहेड़ा के लिए प्रस्तावक बनने के लिए भी तैयार हो गए हैं। जैन ने कहा है कि वे चुनाव जीतने के लिए पूरी ताकत से पार्टी के लिए काम करेंगे।

आखिर सांसदका मंच से पत्ता कैसे कट गया…?

शहीद पार्क पर हुई गृहमंत्री अमित शाह की सभा के दौरान मंच पर बैठने वालों की सूची से सांसद अनिल फिरोजिया का नाम भी कट गया। इसकी खबर फिरोजिया को लगी तो उन्होंने नाखुशी जताई। इसके लिए उन्होंने प्रदेश संगठन महामंत्री हितानंद शर्मा को भी फोन लगाया, लेकिन उन्होंने भी कहा केवल उम्मीदवार ही मंच पर रहेंगे। इस कारण नाराजगी निराशा में बदल गई और उन्हें भारी मन से मंच के सामने ही बैठना पड़ा।

यहां तक कि महापौर को भी जगह नहीं मिली। यह मुद्दा अब पार्टी में चर्चा का विषय बन गया है। पूछा जा रहा है कि सांसद का पत्ता किसने और कैसे काट दिया। जबकि सांसद होने के कारण उनको मंच पर जगह दी जाना थी।

महापौर को मंच के पीछे बुलाया, पर वे नहीं गए…

शाह की सभा से पहले महापौर को मंच के पीछे बुलाया गया, लेकिन उन्होंने जाने से मना कर दिया, क्योंकि एमआईसी सदस्य और पार्षद भी श्रोताओं की भीड़ में थे। सूत्रों के अनुसार मंच से सांसद और महापौर को दूर रखने को लेकर पार्टी में चर्चा गरम है। क्योंकि भोपाल में महापौर और सांसद शाह के साथ दिखाई दिए थे। उज्जैन में ऐसा क्या हुआ कि दोनों को मंच से दूर रखा गया। मंच के पीछे कई पदाधिकारियों को जगह मिलने के बाद यह चर्चा जोर पकड़ रही है।

जरूर पढ़ें

मोस्ट पॉपुलर