उज्जैन नगर निगम में 21 करोड़ रु. की बचत का बजट

190 पेज का बजट तैयार, एमआईसी में पेश करने की तैयारी, पिछले साल के मुकाबले कम आय का हो सकता है बजट
Thank you for reading this post, don't forget to subscribe!
अक्षरविश्व न्यूज. उज्जैन नगर निगम में वित्तीय वर्ष 2024-25 का बजट बनकर तैयार हो गया है। पिछले साल की तुलना में यह कम आय का बजट होने की संभावना है। हालांकि निगम प्रशासन ने दावा किया है कि नए वित्तीय साल में 21 करोड़ के आसपास की बचत वाला हो सकता है। जल्द ही इसे एमआईसी को भेजा जाएगा, जहां से हरी झंडी मिलने के बाद सदन में पेश किया जाएगा।
नगर निगम की माली हालत इस बार काफी कमजोर है। ऐसे में नए वित्तीय साल में नगर सरकार और प्रशासन के सामने कई चुनौतियां सामने आ सकती हैं। सूत्रों के अनुसार निगम अधिकारियों ने इस बार 192 पेज का बजट बनाया है। इससे निगम को करीब 21 करोड़ रुपए की बचत होने का अनुमान है। पिछले साल निगम ने 856 करोड़ 15 लाख और 80 हजार रुपए का बजट पेश किया गया था, लेकिन इस बार यह आंकड़ा 700 करोड़ के आसपास होने की संभावना है।
कई खर्चों पर चल सकती कैंची
प्रस्तावित बजट में निगम के कई खर्चों पर कैंची भी चलाई जा सकती है। निगम की खस्ताहाल आर्थिक स्थिति के कारण एमआईसी कुछ कड़े निर्णय ले सकती है। दीप प्रज्जवलन जैसे आयोजनों के कारण निगम को काफी आर्थिक मार पड़ रही है। इस मुद्दे पर भी एमआईसी और सदन में सवाल खड़े होने के आसार दिखाई दे रहे हैं। कुछ नए प्रावधान भी जोड़े जा सकते हैं। एक दो दिन बाद बजट पर एमआईसी बुलाई जा सकती है।
ऐसे कैसे सुधरेगी माली हालत दो सिटी बसें इंदौर की दादागिरी में उलझीं!
एक तरफ नगर निगम अपनी आय बढ़ाने के लिए कोशिश कर रहा तो दूसरी ओर उज्जैन नगर निगम द्वारा संचालित दो सिटी बसें इंदौर की दादागिरी में उलझ गई हैं। सूत्रों के अनुसार दो बसें इंदौर के ही एक बस ऑपरेटर ने अपने पास रख ली है और निगम प्रशासन इस दादगिरी के आगे बेबस है। इस मामले में जनप्रतिनिधि और अधिकारी भी बेखबर हैं।
इधर, इलेक्ट्रिक बसें चलाने की तैयारी
निगम प्रशासन अब इलेक्ट्रिक बसों को शहर में चलाने की तैयारी में जुट गया है। इसके लिए किसी कंपनी को ठेका देने के लिए टेंडर जारी किया गया है। निगम शहर में 16 इलेक्ट्रिक बसें चलाने की तैयारी कर रहा है।