दर्शनार्थियों की कार ने टक्कर मारी, पति-पत्नी की मौत

उज्जैन। बडऩगर रोड पर चिकली गांव के नजदीक एक सड़क हादसे में खड़ोतिया निवासी पति और पत्नी की मौत हो गई है। गुजरात से उज्जैन दर्शन करने आ रहे एक परिवार की कार ने इन्हें टक्कर मार दी। टक्कर इतनी तेज थी कि दोनों की मौके पर ही मौत हो गई। यह हादसा शाम करीब 4 बजे का है। मृतक की पहचान मेहरबान सिंह पिता सरदार सिंह उम्र 58 साल व उनकी पत्नी मानाबाई उम्र 55 साल के रूप में की गई है।

खड़ोतिया गांव में रहने वाले मेहरबान सिंह और उनकी पत्नी दोनों ही मोटरसाइकिल पर सवार होकर किसी काम से अपने गांव से चिकली जाने के लिए निकले थे। चिकली मोड़ पर इन्होंने एकाएक टर्न लिया और पीछे से आ रही तेज रफ्तार स्वीफ्ट कार ने इन्हें अपनी चपेट में ले लिया। टक्कर की वजह से यह दंपत्ति दूर जा गिरे। दोनों के सिर पर गहरी चोट लगी थी, दोनों की मौके पर ही मौत हो गई। इस घटना के बाद कार चालक और उसमें बैठा परिवार कार मौके पर ही छोड़कर भाग निकला।
इंगोरिया पुलिस ने कार को जब्त कर अज्ञात चालक के खिलाफ केस दर्ज कर लिया है। एक अन्य घटना में महिदपुर के पास ढाबला वैणी गांव में टै्रक्टर के गड्ढे में गिर जाने की वजह से राज चौधरी नामक युवक की भी मौत हो गई है। यह घटना शनिवार शाम की है। राज अपने भाई कपिल चौधरी के साथ टै्रक्टर में बैठकर खेत से गांव की ओर आ रहा था। टै्रक्टर कपिल चला रहा था। तेज रफ्तार की वजह से टै्रक्टर असंतुलित होकर गड्ढे में जा गिरा और उसका पहिया अलग होकर नीचे गिरे राज पर आ गया। राज को तत्काल ही अस्पताल ले जाया गया लेकिन उसे बचाया नहीं जा सका।









