गेहूं बीनने की बात पर पति को दांत से काटा, सास पर ईंट से हमला

उज्जैन। चिंतामण थाना क्षेत्र के ग्राम राणाबड़ में शुक्रवार दोपहर घर में गेहूं बीनने का कहने पर एक महिला इस कदर भडक़ गई कि उसने अपने ही पति और सास के साथ बेरहमी से मारपीट कर दी। हमले में पति और सास दोनों गंभीर रूप से घायल हुए हैं। पुलिस के अनुसार, जितेंद्र बागवान (26) और उसकी मां शांता बाई खेत से काम कर घर लौटे थे। घर पहुँचने पर सास शांता बाई ने अपनी बहू तन्नू से घर के काम के तहत गेहूं बीनने को कहा।
Thank you for reading this post, don't forget to subscribe!
यह बात सुनते ही तन्नू अपना आपा खो बैठी। उसने पहले तो गाली-गलौज की और फिर हिंसक हो गई। विवाद के दौरान तन्नू ने पति जितेंद्र की बांह पर काट लिया, जब सास बीच-बचाव करने आई, तो उसने ईंट उठाकर हमला कर दिया। ईंट लगने से शांता बाई के हाथ में गंभीर चोट आई है। परिजनों ने बताया कि मारपीट के दौरान आरोपी महिला ने दोनों को जान से मारने की धमकी भी दी। घटना के बाद घायल मां-बेटे किसी तरह थाने पहुंचे और शिकायत दर्ज कराई। चिंतामण थाना पुलिस ने घायलों का मेडिकल परीक्षण करवाते हुए आरोपी महिला तन्नू के खिलाफ मारपीट, गाली-गलौज और जान से मारने की धमकी देने की विभिन्न धाराओं में मामला दर्ज किया है।
घरेलु विवाद में पत्नी नाजिनी को पीटा
उज्जैन। आगर रोड पर नाका नंबर 5 में शुक्रवार रात को घरेलू विवाद में इरशाद शाह ने पत्नी नाजिनी (32 साल) को पीट दिया। जिससे उसके सिर में चोंट आई है। जिला अस्पताल में इलाज करा रही नाजिनी का आरोप है कि शराब पीने के बाद पति अक्सर उसके साथ मारपीट करता है। चिमनगंज पुलिस द्वारा कार्रवाई की जा रही है।









