हावड़ा-इंदौर शिप्रा एक्सप्रेस के थर्ड एसी कोच में अटेंडर ने महिला से छेड़छाड़ कर मारपीट

By AV News

यात्रियों ने बदमाश की धुनाई की, उज्जैन स्टेशन पर उतारकर मेडिकल कराया, युवक हिरासत में

उज्जैन। हावड़ा-शिप्रा एक्सप्रेस में अपने पति व बच्ची के साथ उज्जैन के लिए यात्रा करने वाली महिला से एसी कोच अटेंडर ने छेड़छाड़ व मारपीट की। उज्जैन स्टेशन पर ट्रेन पहुंचने के बाद जीआरपी ने मेडिकल कराने के बाद आरोपी के खिलाफ केस दर्ज कर उसे हिरासत में लिया है। इस घटना से यह जाहिर हो गया है कि लंबी दूरी की ट्रेनों में महिलाओं के लिए यात्रा करना कितना कष्टदायक हो सकता है।

यह था मामला
रांची निवासी 30 वर्षीय महिला अपने पति व बच्ची के साथ धनबाद रेलवे स्टेशन से हावड़ा-शिप्रा एक्सप्रेस के थर्ड एसी कोच में पहुंची। उनके पास कंफर्म टिकट नहीं था। इस कारण वह लोग टायलेट के पास बैठकर यात्रा करने लगे। ट्रेन चलने के कुछ समय बाद उनके पास कोच अटेंडर बेरसिया भोपाल निवासी सादिक पठान पहुंचा और बोला आगे टीसी मिलेगा तो उससे सेटिंग कर टिकट कंफर्म करा लेंगे।

सादिक पठान ने टीसी से बात की लेकिन बात नहीं बनी। इस कारण महिला अपने पति व बच्ची के साथ टायलेट के पास बैठकर आगे की यात्रा करने लगी। करीब दो घंटे बाद सादिक पठान फिर उन लोगों के पास आया। महिला के पति को एक सीट पर बैठा दिया और स्वयं की सीट महिला को दे दी। रात होने से महिला बच्ची को लेकर उस सीट पर सो गई। सादिक ने इसका फायदा उठाया और वह सीट की साइड में लेट गया। दिनभर यात्रा से थकी महिला कुछ समझ नहीं पाई। उसने धक्का दिया तो सादिक चला गया। वह दोबारा लौटा और महिला से अश्लील हरकत करने लगा। महिला ने शोर मचाया तो कोच के अन्य लोग एकत्रित हो गए। उन्होंने सादिक को पकड़ा और धुनाई शुरू कर दी।

17 घंटे की यात्रा कर उज्जैन स्टेशन तक लाए

जीआरपी से मिली जानकारी के मुताबिक सादिक पठान ने महिला के साथ छेड़छाड़ व मारपीट की घटना को मुगलसराय स्टेशन पर अंजाम दिया था। महिला के परिवारजन दूसरे कोच में बैठे थे। वह भी एकत्रित हो गए। सभी ने सादिक पठान को कोच में ही बैठाए रखा उसे भागने नहीं दिया। वह रास्तेभर यात्रियों से बहस करता रहा।

महिला को धनबाद से उज्जैन आना था। देर रात हावड़ा-शिप्रा एक्सप्रेस जैसे ही उज्जैन स्टेशन पर पहुंची। महिला व उनके परिजन ने जीआरपी को सूचना दी। पुलिस ने महिला व सादिक को घायल अवस्था में ट्रेन से उतारा और मेडिकल के लिए चरक अस्पताल पहुंचाया। जीआरपी थाने पर देर रात महिला के परिजन बड़ी संख्या में एकत्रित हो गए। पुलिस ने दूसरे थाने के फोर्स की मदद से स्थिति संभाली।

दूसरे थाने से बुलाना पड़ा फोर्स

जीआरपी में रात के समय गिनती के पुलिसकर्मी थे। एक महिला आरक्षक थी, जबकि महिला ने उज्जैन में रहने वाले अपने परिजन को ट्रेन में हुई घटना की जानकारी दे दी थी। बड़ी संख्या में परिजन रेलवे स्टेशन पहुंच गए। स्थिति बिगड़ती देख नीलगंगा थाने का पुलिस फोर्स स्टेशन पर बुलाया गया। मेडिकल के तत्काल बाद पुलिस ने महिला की रिपोर्ट पर आरोपी सादिक पठान के खिलाफ केस दर्ज कर उसे हिरासत में ले लिया।

Share This Article