सिंहस्थ में पार्किंग स्थल की जानकारी 5 किलोमीटर पहले ही मिल जाएगी

सिंहस्थ 2028 की तैयारी तेज: निर्माण कार्यों और कार्ययोजनाओं की समीक्षा
Thank you for reading this post, don't forget to subscribe!
अक्षरविश्व न्यूज उज्जैन। सिंहस्थ के अंतर्गत मुख्य दिशा सूचक बोर्ड, डिजिटल मैपिंग, और जीआईएस आधारित डिजिटल मैप के लिए विस्तृत सर्वे करने के निर्देश दिए गए। विभिन्न मार्गों से आने वाले श्रद्धालुओं की सुविधा के लिए पार्किंग स्थलों से 4 से 5 किलोमीटर पहले से ही दिशा सूचक बोर्ड लगाए जाएंगे।
सिंहस्थ मेला अधिकारी और संभागायुक्त आशीष सिंह और कलेक्टर रौशन कुमार सिंह ने मंगलवार को सिंहस्थ मेला कार्यालय में सिंहस्थ के निर्माण कार्यों और विभिन्न विभागों की कार्ययोजनाओं की समीक्षा की।
बैराज निर्माण का काम 57 प्रतिशत पूरा
जल संसाधन विभाग द्वारा बताया गया कि बैराजों का निर्माण कार्य लगभग 57 प्रतिशत पूर्ण हो चुका है। रिजरवायर में मिट्टी का काम और पंप हाउस में खुदाई का काम जारी है। नवीन घाटों के निर्माण के तहत, 29 किलोमीटर में से 18 किलोमीटर क्षेत्र में खुदाई का कार्य चल रहा है, साथ ही रिटेनिंग वॉल का निर्माण कार्य भी प्रगति पर है।
पंचक्रोशी पड़ाव पर शेड में शादी भी होगी: बैठक में बताया गया कि पंचक्रोशी यात्रा मार्ग पर कुछ स्थानों पर शेड, उपवन और टॉयलेट ब्लॉक बनाए जाएँगे। इन स्थानों का उपयोग यात्रा के बाद स्थानीय सांस्कृतिक और वैवाहिक कार्यक्रमों के लिए भी किया जा सकेगा। बिलकेश्वर महादेव मंदिर पहुँच मार्ग पर कच्चे रास्ते को पेवर ब्लॉक लगाकर पक्का किया जाएगा। आगामी सिंहस्थ के लिए दिशा सूचक चिन्हों के साथ-साथ पंचक्रोशी यात्रा के चिंह बोर्ड भी लगाए जाएंगे।
होमगार्ड ने समझाई सुरक्षा व्यवस्था
होमगार्ड विभाग ने सुरक्षा व्यवस्था की विस्तृत जानकारी दी। सिंहस्थ में 6510 होमगार्ड तैराक, 1700 जवान मजिस्ट्रेट व्यवस्था में, 1000 जवान प्रशासनिक/ ट्रैफि़क व्यवस्था में और 790 जवान क्यूआरटी रिजर्व में तैनात किए जाने प्रस्तावित हैं। 7 किलोमीटर के संवेदनशील घाटों पर 2730 जवान 3 शिफ्ट में तैनात किए जाएँगे। मेला अधिकारी सिंह ने घाटों पर फ्लोटिंग बेरिकेड्स लगाए जाने और होमगार्ड जवानों को आवश्यक प्रशिक्षण देने के निर्देश दिए। सिविल डिफेंस वालंटियर्स की अस्थाई भर्ती भी प्रस्तावित है। स्वास्थ्य विभाग की समीक्षा के दौरान कलेक्टर सिंह ने एडवांस लाइफ सपोर्ट सिस्टम पर अधिक ध्यान देने को कहा। उन्होंने निर्देश दिए कि टू-व्हीलर पर फस्र्ट एड किट के साथ 2 स्वास्थ्य वालंटियर्स की तैनाती की जाए, जिनके पास प्राथमिक चिकित्सा की पूरी जानकारी हो।
शहर सौंदर्यीकरण के लिए 25 चौराहों पर काम जारी: शहर के मुख्य जंक्शनों के सौंदर्यीकरण कार्य की समीक्षा की गई। वर्तमान में 25 जंक्शनों, जिनमें तपोभूमि, प्रशांति धाम, डी मार्ट, इंजीनियरिंग कॉलेज तिराहा और महामृत्युंजय द्वार शामिल हैं, पर सौंदर्यीकरण का कार्य किया जाना है। मेला अधिकारी ने अन्य मुख्य जंक्शन पॉइंट्स का चिन्हांकन कर कार्य शुरू करने के निर्देश दिए। बैठक में सीईओ जिला पंचायत श्रेयांस कूमट, गोपाल डाड और संबंधित विभागों के अधिकारी उपस्थित थे।









