ISRO चीफ एस सोमनाथ को कैंसर

नई दिल्ली: भारतीय अंतरिक्ष अनुसंधान संगठन (ISRO) हर रोज नए इतिहास रच रहा है। पिछले साल चंद्रयान-3 और आदित्य एल1 जैसे सफल अभियान के बाद अब इसरो गगनयान मिशन की तैयारियों में लगा हुआ है। स्पेस में जाने वाले वैज्ञानिकों के नाम भी तय हो गए हैं। वही अब जानकारी सामने आई है कि इन सभी मिशनों में महत्वपूर्ण भूमिका निभाने वाले और इसरो के प्रमुख एस सोमनाथ कैंसर से जूझ रहे थे।
एक मीडिया हाउस को दिए इंटरव्यू के दौरान इसरो चीफ ने खुलासा किया कि चंद्रयान-3 मिशन के दौरान महसूस हुआ कि मुझे कुछ स्वास्थ्य समस्या है। मुझे कुछ क्लियर नहीं था। लेकिन आदित्य एल1 की लॉन्चिंग वाली सुबह मैंने चेकअप कराया और मुझे मालूम हुआ कि मुझे कैंसर है। यह जानकारी आने के बाद मेरे साथी और परिवार वाले परेशान हो गए थे। उन्होंने बताया कि इस समय हम सभी लोग एक महत्वपूर्ण मिशन में लगे हुए थे। मैंने खुद को संभाला।
आदित्य-एल1 मिशन लॉन्च की सुबह मेरी स्कैनिंग की गई, इसमें पता चला कि पेट में अनियंत्रित रूप से कैंसर कोशिकाएं बढ़ रही हैं। मिशन लॉन्च के बाद मैं चेन्नई गया, वहां दोबारा स्कैनिंग और कई और जांच की गई। रिपोर्ट्स से पता चला कि ये वंशानुगत रोग है। डॉक्टर्स ने ऑपरेशन की सलाह दी।
डॉक्टर्स की टीम ने कैंसर की सर्जरी और फिर कीमोथेरेपी की। इंटरव्यू में इसरो चीफ बताते हैं, ये मेरे और परिवार के लोगों के लिए काफी चौंका देने वाली स्थिति थी, पर उपचार ही इसका एकमात्र तरीका था जो समय पर होना भी जरूरी था। कैंसर का इलाज संभव है, ये लाइलाज नहीं है। निश्चित ही ये मेरे और परिवार के लिए कठिन समय था। डॉक्टर्स ने इसके नियमित स्कैनिंग की सलाह दी है। फिलहाल मैं ठीक हूं।









