महाकाल मंदिर से सोने की चेन चुराने वाली जयपुर की महिला गैंग पकड़ाई

एक ही दिन में 4 और 5 दिन में 10 महिला श्रद्धालुओं को बना चुकी थी शिकार
अक्षरविश्व न्यूज. उज्जैन:महाकालेश्वर मंदिर परिसर में दर्शनों के लिये आने वाली महिला श्रद्धालुओं को घेरकर उनके गले से सोने की चेन चोरी करने वाली जयपुर की महिलाओं की गैंग को स्वयं श्रद्धालु ने ही दबोच लिया और लोगों की मदद से पकड़कर महाकाल थाना पुलिस के सुपुर्द किया। पकड़ाई महिलाओं की गैंग से पुलिस ने दो तौला वजनी सोने की चेन बरामद की है।
चार महिलाओं ने घेरा और चेन काट ली
लक्ष्मीबाई चिंता पति लसमैय्या चिंता निवासी तेलंगाना अपनी बहन लता, रिश्तेदार श्रीकांत के साथ महाकालेश्वर मंदिर दर्शनों के लिये आई थी। यहां दर्शनों के बाद लक्ष्मीबाई निर्गम गेट की तरफ पहुंची तो उसे चार महिलाओं ने घेर लिया। उन्हीं में से एक महिला ने लक्ष्मीबाई के गले में डली दो तौला वजनी सोने की चेन काटकर चोरी कर ली। भनक लगते ही लक्ष्मीबाई ने रिश्तेदार श्रीकांत को शोर मचाकर बुलाया जिससे आसपास के लोग भी एकत्रित हो गये। लक्ष्मीबाई ने उन्हें बताया कि चारों महिलाओं ने गले से सोने की चेन काटकर चोरी की है। श्रीकांत व अन्य लोगों ने मिलकर चारों महिलाओं को पकड़ा और महाकाल थाने लेकर पहुंचे।
चोरी करते ही चेन दूसरे को कर देते हैं पास : पुलिस ने बताया कि लोगों ने सीमा पति रामकिर प्रजापत 40 वर्ष निवासी शिकारी मोहल्ला जयपुर, सुनीता पति राजू फुलवानी 26 वर्ष निवासी गांधी सर्कल जयपुर, मधु पति योगेश फुलवानी 55 वर्ष निवासी जयपुर, बबली पति रमेश कुमार 35 वर्ष निवासी जयपुर को पकड़ा था। इनकी तलाशी लेने पर दो तौला वजनी सोने की चैन बरामद हुई है। उक्त चैन लक्ष्मीबाई चिंता की थी। इसी गिरोह ने के. शुभलक्ष्मी पति झुमन राव 54 वर्ष निवासी गुंटूर आंधप्रदेश को भी मंदिर परिसर में घेरकर 18 ग्राम वजनी सोने की चेन चोरी की थी।
इसके अलावा जया लक्ष्मी पति वामनेश्वर 69 वर्ष निवासी हैदराबाद, सावित्री गिरी पति नारायण 38 वर्ष निवासी नागलकोट कर्नाटक का मंगलसूत्र भी चोरी किया था लेकिन चोर गिरोह की महिलाओं की तलाशी लेने पर उनके कब्जे से सिर्फ एक सोने की चैन बरामद हुई। पुलिस ने बताया कि गिरफ्त में आई चार महिलाओं के अलावा भी उनके साथी मंदिर परिसर में उनके आसपास मौजूद होंगे और चोरी के बाद महिलाएं अपने साथियों को चोरी का माल पास कर आगे बढ़ा रही होंगी इस कारण रंगे हाथों पकड़ाने के बाद भी उनके पास से दूसरी चैन या मंगलसूत्र जब्त नहीं हुए।
कथा पंडाल और परिसर में पहले कर चुकी वारदातें
करीब चार दिन पहले महाकालेश्वर मंदिर परिसर से ही राजगढ़ की महिला के गले से अज्ञात व्यक्ति ने सोने की चैन चोरी की थी। वहीं दूसरे दिन झालरिया मठ में आयोजित कथा के दौरान उसमें शामिल 4 महिलाओं की सोने की चैन भी चोरी हुई थीं। हालांकि उक्त पांच मामलों में से एक मामले में ही महिला ने थाने में रिपोर्ट दर्ज कराई थी।









