Advertisement

जनसंवाद शिविर… समस्याओं का निराकरण संवेदनशीलता से किया जाए : मुख्यमंत्री

कार्यों की प्राथमिकता तय कर उज्जैन का विकास हरिद्वार की तर्ज पर किया जाए…

Thank you for reading this post, don't forget to subscribe!

Advertisement

मेडिसिटी के कामों में तेजी लाने के निर्देश भी दिए गए……

अक्षरविश्व न्यूज. उज्जैन सीएम डॉ. मोहन यादव ने कहा कि जन समस्याओं का निराकरण संवेदनशीलता से करें। विकास कार्यों को प्राथमिकता तय करते हुए पूरा कराएं। जन-सहभागिता को प्रोत्साहित कर सिंहस्थ के कार्यों को आगे बढ़ाएं। हरिद्वार की तर्ज पर उज्जैन का विकास किया जाए।

Advertisement

मुख्यमंत्री डॉ. यादव उज्जैन के आस्था गार्डन में आयोजित जन संवाद शिविर को समत्व भवन से वीडियो कॉन्फ्रेंसिंग के माध्यम से संबोधित कर रहे थे। सीएम ने शिविर में उपस्थित नागरिकों से संवाद कर उनकी समस्याएं जानी और उनके निराकरण के निर्देश जिला प्रशासन को दिए। डॉ. यादव ने कहा कि जनप्रतिनिधि और प्रशासनिक अधिकारी शासन की प्रमुख फ्लैगशिप योजनाओं का लाभ धरातल तक पहुंचाएं। जन सामान्य की मूलभूत सुविधाओं से संबंधित समस्याओं का निराकरण भी संवेदनशीलता के साथ बिना विलंब के किया जाए।

अधिकारियों ने किया जन-समस्याओं का निराकरण

Advertisement

जन-संवाद शिविर में जनप्रतिनिधियों एवं प्रशासनिक अधिकारियों ने विभिन्न विभागों के द्वारा लगाए गए स्टाल पर पहुंचकर अधिकारियों को निर्देश दिए कि आमजन की समस्याओं के प्राप्त आवेदनों का निराकरण यथाशीघ्र किया जाए। संभागायुक्त संजय गुप्ता ने जन-संवाद शिविर में अधिकारियों को निर्देश दिए कि आमजन की शिकायतों का समय पर निराकरण करें। कलेक्टर नीरज कुमार सिंह के समक्ष वार्ड-48 निवासी धनसिंह ने आवेदन-पत्र देकर अवगत कराया कि उन्हें प्रधानमंत्री आवास योजना के अंतर्गत राशि उपलब्ध नहीं कराई जा रही है। इससे पीएम आवास में उनका मकान अधूरा है। कलेक्टर ने नगर निगम आयुक्त आशीष पाठक को निर्देश दिए कि आवेदनकर्ता को शीघ्र नियमानुसार राशि उपलब्ध कराई जाए।

स्व-सहायता समूह को राशि वितरित

जन-संवाद शिविर में उज्जैन आजीविका स्व-सहायता समूह की महिलाओं को एक करोड़ 47 लाख ऋण राशि का चेक मुख्यमंत्री डॉ. यादव की ओर से वितरित किया गया। सीएम को उज्जैन निवासी बसंत कुमार ने नामांतरण नहीं होने, संजय गोयल ने जिला कोर्ट में अतिरिक्त संभागायुक्त की पदस्थापना नहीं होने से प्रकरणों के निराकरण में देरी, कल्पना देवी ने जाति प्रमाण पत्र बनने में परेशानी आने की समस्या बताई। मुख्यमंत्री डॉ. यादव ने जिला प्रशासन को कल्पना देवी के जाति प्रमाण पत्र की समस्या का निराकरण के निर्देश दिए। उन्होंने राजस्व कॉलोनी उज्जैन में सार्वजनिक रोड बंद होने की समस्या के भी निराकरण के निर्देश दिए।

सवारी में जनजातीय नृत्य कलाकारों को भी शामिल करें

मुख्यमंत्री डॉ. यादव ने कहा कि भगवान महाकाल की सवारी उज्जैन ही नहीं बल्कि पूरे देश-प्रदेश का गौरव हैं। हमारी जड़ों को जोड़ते हुए बाबा महाकाल की सवारी में जनजातीय जिले डिंडोरी, मंडला, बालाघाट आदि के जनजातीय नृत्य कलाकारों को भी शामिल किया जाए। भगवान महाकाल की सवारी में कैबिनेट के मंत्रीगण भी शामिल होगें। मुख्यमंत्री डॉ. यादव ने कहा कि सिंहस्थ के नोटिफाइड एरिया को चिन्हित कर विकास कार्यों को गति प्रदान करें। हरिद्वार की तर्ज पर उज्जैन का स्थाई रूप से विकास किया जाए। उज्जैन के देवस्थानों और घाटों का भी जीर्णोधार किया जाए। मुख्यमंत्री डॉ. यादव ने कहा कि इंजीनियरिंग कॉलेज में आईटी पार्क बनाने के प्रयास किए जाएंगे। मेडिसिटी उज्जैन के लिए बड़ी सौगात है। मेडिसिटी के कामों में तेजी लाने के निर्देश दिए गए हैं।

क्लस्टर लेवल पर जन संवाद शिविर

कलेक्टर ने बताया कि जनसंवाद शिविर सप्ताह में तीन दिन बुधवार, गुरुवार और शुक्रवार को वार्ड/पंचायत स्तर पर बनाएं गए क्लस्टर्स पर आयोजित किया जाएगा। वाजिब समस्याओं का मौके पर ही निराकरण होगा। एक माह पश्चात पुन: उसी वार्ड/पंचायत स्तर पर शिविर आयोजित होंगे जिसमें किए गए निराकरण के संबंध में संबंधित आवेदकों को जानकारी दी जाएगी। शिविरों में स्वास्थ्य परीक्षण शिविर भी लगाए जाएंगे। कार्यक्रम को विधायक अनिल जैन कालूखेड़ा , महापौर मुकेश टटवाल, नगर निगम अध्यक्ष कलावती यादव ने संबोधित किया।

Related Articles

Write a review