सूने मकान के ताले तोड़कर ज्वेलरी व नगदी चोरी

एकता नगर में वारदात, पड़ोसियों ने मकान मालिक को सूचना देकर बुलाया
अक्षरविश्व न्यूज. उज्जैन:खिलचीपुर नाका क्षेत्र स्थित एकता नगर के सूने मकान के ताले तोड़कर अज्ञात बदमाशों ने चोरी की वारदात को अंजाम दिया। बदमाश यहां से सोने चांदी के आभूषण व नगदी रुपये चुराकर ले गये। सूचना मिलने पर चिमनगंज थाना पुलिस ने जांच शुरू की है।
पुलिस ने बताया कि शोएब मोहम्मद पिता साकीर मोहम्मद निवासी एकता नगर सेल संचालित करता है। उसकी पत्नी इंदौर स्थित मायके गई हुई है इस कारण वह मिल्कीपुरा में रहने वाले माता पिता के घर रह रहा था और दिन में एक बार घर आता था। सुबह उसे पड़ोसियों ने सूचना दी कि तुम्हारे घर के ताले टूटे पड़े हैं। सूचना मिलते ही शोएब एकता नगर पहुंचा तो देखा घर के दरवाजों पर लगे ताले टूटे थे। अलमारी में रखा सामान, कपड़े बिखरे पड़े थे। उसने चिमनगंज पुलिस को चोरी की सूचना दी। पुलिस ने मौके पर पहुंचकर जांच शुरू की है। चोर यहां से सोने का हार, अंगूठी, चांदी की पायजेब आदि ज्वेलरी सहित नगदी रुपये चोरी कर ले गये। चिमनगंज थाना क्षेत्र में लगातार हो रही चोरी की वारदातों में पुलिस अब तक एक भी मामले में चोरों को पकड़ नहीं पाई है।
स्कूटर से एक महिला व दो पुरुष चोरी करने आए
शोएब मोहम्मद ने बताया कि चोरी की वारदात रात 3.27 से 3.53 के बीच हुई है। आसपास लगे सीसीटीवी फुटेज में स्कूटर पर एक महिला व दो पुरुष घर की तरफ आते दिखे हैं। चोर घर में रखे सोने चांदी के आभूषण सहित नगद 1 लाख 15 हजार रुपये चोरी कर ले गये हैं, जबकि अलमारी में रखी एक तौला वजनी सोने की चैन छोड़कर चले गये। पड़ोस में रहने वाली महिला ने शोएब को बताया कि महिला घर के बाहर खड़ी निगरानी कर रही थी और चोर घर के ताले तोड़कर वारदात कर रहे थे।









