मंडी में किसान से धोखाधड़ी पर दो व्यापारियों के लाइसेंस निरस्त, खाटूश्याम ट्रेडर्स और धरा ट्रेडर्स पर कार्रवाई

एक बोरी सोयाबीन की हेराफेरी पर मचा हंगामा
Thank you for reading this post, don't forget to subscribe!
उज्जैन। कृषि उपज मंडी में किसानों के साथ हो रही धोखाधड़ी के खिलाफ मंडी प्रशासन ने कड़ा रुख अपनाया है। पाटियाखेड़ी के एक किसान के साथ सोयाबीन की तौल में हेराफेरी करने के आरोप में दो व्यापारिक फर्मों के लाइसेंस तत्काल प्रभाव से निरस्त कर दिए गए हैं। मंडी व्यापारी ने भी सिक्युरिटी डिपॉजिट वापस ले ली है।
शुक्रवार को किसान बहादुर सिंह (निवासी पाटियाखेड़ी) की 15 बोरी सोयाबीन खाटूश्याम ट्रेडर्स ने खरीदा था, जिसका तौल धरा ट्रेडर्स के तौलकांटे पर हो रहा था। इस दौरान, फर्म संचालकों ने हम्मालों के साथ मिलकर एक बोरी सोयाबीन की धोखाधड़ी करने का प्रयास किया। धोखाधड़ी का पता चलते ही किसान बहादुर सिंह ने मंडी प्रांगण में जमकर हंगामा किया था। किसान की शिकायत को गंभीरता से लेते हुए शनिवार शाम को मंडी प्रशासन ने तुरंत एक्शन लिया। प्रांगण प्रभारी प्रीतम सिंह चौधरी टीम के साथ पहुंचे और किसान से चर्चा कर पंचनामा बनाया। शुक्रवार को मंडी सचिव अश्विन सिन्हा ने तत्काल प्रभाव से खाटूश्याम ट्रेडर्स और धरा ट्रेडर्स दोनों के लाइसेंस निलंबित कर दिए। दोनों फर्मों की मंडी में उपज खरीदी-बिक्री पर भी रोक लगा दी गई है और उन्हें नोटिस जारी किए गए हैं।
व्यापारी संघ ने कड़ा फैसला लिया
शनिवार को व्यापारी संघ की कार्यकारिणी बैठक में एक बड़ा फैसला लिया गया। संघ ने सर्वानुमति से दोनों आरोपी फर्मों (खाटूश्याम ट्रेडर्स और धरा ट्रेडर्स) के लिए मंडी समिति को जारी सिक्युरिटी डिपॉजिट वापस लेने का निर्णय लिया। इस कदम से दोनों फर्मों के लाइसेंस निरस्त होने की कार्रवाई का रास्ता साफ हो गया। मंडी सचिव सिन्हा ने बताया कि नोटिस का उचित जबाव नहीं मिलने पर शनिवार को दोनों के लाइसेंस निरस्त कर दिए गए।
अव्यवस्थाओं पर जताई नाराजगी
दूसरी ओर व्यापारी संघ के अध्यक्ष जितेंद्र अग्रवाल ने मंडी समिति को पत्र लिखकर मंडी में फैली अनियमितताओं पर नाराजगी व्यक्त की है। बड़े तौलकांटों पर तौल होने के बावजूद कुछ व्यापारी तुलाई/हम्माली और 300 ग्राम प्रति बोरी की अवैध कटौती कर रहे हैं। प्रांगण में कई जगह मिट्टी साफ करने की अवैध मशीनें चल रही हैं, जिससे प्रदूषण और गंदगी फैल रही है। संघ ने इन सभी अनियमितताओं पर तत्काल रोक लगाने की मांग की है।









