Friday, September 22, 2023
Homeउज्जैन समाचारताला बंद कर निगम अध्यक्ष को घाट पर रोका

ताला बंद कर निगम अध्यक्ष को घाट पर रोका

मंगलनाथ मंदिर पर सुबह स्वच्छता अभियान के दौरान विचित्र घटना

पार्षद ने पुजारी को लगाई फटकार, काफी देर बाद खुला ताला

पशुपतिनाथ मंदिर के पीछे घाट पर महापौर, निगमायुक्त व अफसर भी थे

अक्षरविश्व प्रतिनिधि. उज्जैन मंगलनाथ मंदिर पर साफ सफाई के दौरान विचित्र घटना का सामना नगर निगम अध्यक्ष कलावती यादव को करना पड़ा। पशुपतिनाथ मंदिर के पुजारी ने घाट की ओर जाने वाले गेट पर ताला लगा कर बंद कर दिया। फोटोग्राफर ने फटकार लगाई तब मुश्किल से उसने गेट खोलकर यादव को वापस जाने दिया। बाद में पार्षद दिलीप परमार ने भी उसे फटकार लगाई।

यह घटना सुबह उस वक्त हुई जब प्राचीन पशुपतिनाथ मंदिर के पीछे घाट की सफाई के लिए महपौर मुकेश टटवाल, अध्यक्ष कलावती यादव, निगम कमिश्नर रौशनकुमार सिंह, स्मार्ट सिटी के सीईओ आशीष पाठक, आदित्य नागर, उपायुक्त आरएस मंडलोई सहित डेंटल एसोसिएशन और अन्य समाजसेवी सफाई करने पहुंचे। मंदिर के पुजारी ने बाद में गेट पर ताला लगा दिया।

निगम अध्यक्ष को वापस जल्दी जाना था, लेकिन ताला लगा होने से वे वहीं फंस गई, क्योंकि दूसरा कोई बाहर निकलने का रास्ता नहीं था। यादव ने ताला खोलने का अनुरोध किया पर पुजारी नहीं माना। यह देख फोटोग्राफर पंकज तिवारी गेट पर पहुंचे और ताला खोलने को कहा, लेकिन उसने मना कर दिया।

इस पर पुजारी से कहा गया कि एक तो अवैध कब्जा कर रखा है और घाट पर जाने का रास्ता भी रोक दिया। अभी कार्रवाई हो जाएगी। इस घटना के समय महापौर और निगमायुक्त घाट के नीचे झाड़ू लगा रहे थे। आयुर्वेद कॉलेज के प्राचार्य डॉ. जेपी चौरसिया, डॉ. अजयकीर्ति जैन भी श्रमदान के लिए पहुंचे।

नन्हीं ब्रांड एंबेसेडर सेव्या ने लगाई झाड़ू

कार्तिक चौक निवासी सात साल की नन्हीं स्वच्छता अभियान की ब्रांड एंबेसेडर सेव्या अपने पिता सौरभ नागर और मां दिव्या नागर के साथ सफाई करने पहुंची। उसने मां दिव्या के साथ साफ सफाई की और शुरुआत में सफाई पर केंद्रित कविता भी सुनाई। पिता सौरभ ने बताया वह ढाई साल की उम्र से ही साफ सफाई के प्रति गंभीर है। उसे दो अवार्ड भी निगम से मिल चुके हैं।

निगम के जनसंपर्क अधिकारी सुनील जैन ने कहा यह नन्हीं बालिका सफाई के प्रति काफी जागरूक है। उसने समाज के लोगों भी इसके प्रेरित करने का काम किया है।

शिप्रा में जलकुंभी, डिपो में बंद मशीन… मंगलनाथ मंदिर घाट पर शिप्रा नदी में जलकुंभी देख सभी ने चिंता जताई। निगमायुक्त को बताया गया कि सिंहस्थ में सफाई के लिए मशीन आई थी लेकिन अब डिपो में कमरे में बंद पड़ी है। उन्होंने कहा जल्द मशीन निकलवाकर सफाई साफ कराएंगे।

इसलिए उखड़ गया पुजारी… दरअसल, पुजारी सुबह मंदिर परिसर की सफाई कर रहा था। इस कारण वह नाराज हो गया और उसने घाट पर जाने वाले गेट पर ही ताला जड़ दिया।

जरूर पढ़ें

मोस्ट पॉपुलर