Advertisement

उज्जैन आने वाले पर्यटक 600 रु. में ई-बाइक पर घूमने का ले सकेंगे लुत्फ

अभी और इंतजार, क्योंकि नगर निगम का प्रस्ताव पहले एमआईसी में फिर सदन करेगा मंजूर

Thank you for reading this post, don't forget to subscribe!

Advertisement

किराए पर बाइक लेने के लिए सात बनेंगे सेंटर, निगम की जमीन पर बनेंगे

 

25 डीजल बसें चलाने के लिए जल्द होगा टेंडर

Advertisement

150 ई-बाइक चलाने का निर्णय

अक्षरविश्व न्यूज. उज्जैन:महाकाल नगरी उज्जैन में देश भर से आने वाले पर्यटक और दर्शनार्थी ई बाइक पर बैठकर महज 600 रुपए में दिन भर घूम सकेंगे। नगर निगम किराए पर शहर के सात स्थानों पर ई बाइक किराए पर उपलब्ध कराएगा। हालांकि अभी इसके लिए थोड़ा और इंतजार करना पड़ेगा, क्योंकि प्रस्ताव एमआईसी और नगर निगम सदन से पास होना बाकी है।

Advertisement

नगर निगम ने शहर में 150 ई बाइक किराए पर चलाने का निर्णय लिया है। उज्जैन सिटी ट्रांसपोर्ट लिमिटेड की बैठक में इसका प्रस्ताव पास हो चुका है। अब इसके लिए शहर में सात स्थानों पर स्टेशन बनाने की कवायद चल रही है। इसके लिए निगम की जमीन पर ही ये बनाए जा सकेंगे। इस कारण महापौर परिषद (एमआईसी) को यह प्रस्ताव भेजा जाएगा।वहां से मंजूरी के बाद नगर निगम के साधारण सम्मेलन में रखा जाएगा।

इस प्रक्रिया में वक्त लग सकता है। मंजूरी के बाद स्टेशन बनाने का काम शुरू हो सकेगा। निगम प्रशासन ने 600 रुपए में पूरे दिन तय समय तक के लिए किराए पर बाइक उपलब्ध कराने का प्रस्ताव रखा है। 300 रुपए में दो घंटे और लगभग 200 रुपए में एक घंटे के लिए बाइक उपलब्ध कराने का प्रस्ताव है।

डिपो में खड़ी 25 डीजल बसों को चलाने के लिए निगम प्रशासन जल्द ही टेंडर जारी कर इनको सड़क पर उतारेगा। इससे बसों को विभिन्न रूटों पर चलाया जा सकेगा। अभी ये बसें डिपो में ठेकेदार के इंतजार में खड़ी हैं।

निगम को अच्छी आय की उम्मीद

किराए पर बाइक उपलब्ध कराने से निगम को अच्छी आय होने की संभावना है। बाहर से आने वाले पर्यटक और दर्शनार्थी इनके माध्यम से शहर में घूमने का आनंद ले सकेंगे। शहर में बढ़ते ट्रैफिक दबाव के कारण कार और जीप में घूमना मुसीबत का कारण बन गया है। बाहर से आने वाले कई दर्शनार्थी गूगल मेप के कारण संकरी गलियों और रास्तों में फंस जाते हैं। ई बाइक मिलने से वे कम खर्च में शहर घूम सकेंगे।

ई रिक्शा चलाने का प्रस्ताव निरस्त

शहर में निगम द्वारा ई रिक्शा चलाने का प्रस्ताव खारिज कर दिया गया है। पहले निगम ने इनको चलाने का निर्णय लिया था लेकिन शहर में प्राइवेट ई रिक्शा की संख्या इतनी बढ़ गई है कि सवारियों को लेकर मारामारी की स्थिति बन रही है। इस कारण अब ई रिक्शा चलाने की फाइल बंद हो गई है।

Related Articles