Advertisement

महाशिवरात्रि… चार देशों के फूलों से सजा बाबा महाकाल का आंगन

सजावट में नजर आ रही दक्षिण भारत के नटराज मंदिर की थीम

Thank you for reading this post, don't forget to subscribe!

Advertisement

अक्षरविश्व न्यूज उज्जैन। महाशिवरात्रि पर्व के लिए भगवान महाकाल का आंगन सिंगापुर, हांगकांग, स्विट्जरलैंड और इंडोनेशिया से मंगवाए गए फूलों और पत्तियों से सजाया गया है। सजावट के लिए बैंगलुरु से 200 से अधिक कलाकार श्री महाकालेश्वर मंदिर पहुंचे हैं और 40 से ज्यादा प्रजातियों के फूलों से दक्षिण भारत के नटराज मंदिर की थीम पर सजावट की है। मंदिर के गर्भगृह सहित नंदी मंडपम्, गणेश मंडपम्, कार्तिक मंडपम्, पालकी हॉल, अभिषेक स्थल एवं मंदिर के प्रथम तल के आसपास सजावट की गई है।

दरअसल, बैंगलुरु से पहुंचे के. कृष्णमूर्ति रेड्डी एवं उनकी टीम हर साल महाकाल मंदिर में विदेशी फूलों से सजावट करते हैं। इस बार भी भगवान महाकाल का दरबार 40 से अधिक प्रजातियों के फूलों से सजाया गया है। खास बात यह है कि लाखों रुपए के यह फूल हवाई मार्ग से पहले बैंगलुरु और फिर इंदौर से होते हुए यहां पहुंचे हैं। शनिवार शाम तक सजावट का काम पूरा हो गया। रेड्डी पिछले 12 सालों से महाशिवरात्रि पर्व पर मंदिर की सजावट करते आ रहे हैं।

Advertisement

शिव तांडव स्वरूप में दिए दर्शन
राजाधिराज भगवान महाकाल के आंगन में आयोजित शिव नवरात्रि के अंतिम दिन शनिवार को बाबा ने भक्तों को शिव तांडव स्वरूप में दर्शन दिए। इस दौरान बड़ी संख्या में पहुंचे भक्त बाबा की एक झलक पाकर धन्य हो गए। कई श्रद्धालु ऐसे भी थे जिनकी आंखों से आंसू बह निकले।

रंगोली में नजर आए महाकाल
फूलों से सजावट के अलावा मंदिर परिसर में उज्जैन के पंकज सेहरा व उनकी टीम और इंदौर के केशव शर्मा द्वारा रंगोली बनाई गई है। इस विशाल और भव्य रंगोली में भगवान महाकाल का शिवलिंग बनाया गया है जो काफी सुंदर लग रहा है। दर्शन करने आए श्रद्धालु भी रंगोली निहारते रहे।

Advertisement

पैदल चलकर देखी व्यवस्था
शिवरात्रि की पूर्व संध्या पर कमिश्नर आशीष सिंह, कलेक्टर रौशन कुमार सिंह, एडीजी राकेश गुप्ता, डीआईजी नवनीत भसीन, एसपी प्रदीप शर्मा, महाकाल मंदिर प्रशासक प्रथम कौशिक सहित और प्रशासनिक अधिकारियों ने कर्कराज पार्किंग से महाकाल मंदिर तक का व्यवस्थाएं देखीं और जरूरी निर्देश दिए।

श्रद्धालुओं के लिए एडवायजरी
मंदिर प्रशासन ने श्रद्धालुओं के लिए एडवायजरी भी जारी की है। इसमें बताया है कि श्री महाकालेश्वर मंदिर प्रबंध समिति द्वारा किसी भी निजी ऑनलाइन वेबसाइट/पोर्टल के साथ दर्शन, अभिषेक अथवा पूजन संबंधी कोई भी एमओयू अथवा अधिकृत अनुबंध नहीं किया है। मंदिर प्रशासन द्वारा ऐसी किसी भी अनाधिकृत अथवा फर्जी वेबसाइट को मंदिर परिसर में पूजन, अभिषेक या अन्य धार्मिक सेवाएं संचालित करने की अनुमति प्रदान नहीं की गई है।

ऐसे में श्रद्धालु सतर्क रहें और किसी भी प्रकार की भ्रामक, अनाधिकृत अथवा संदिग्ध ऑनलाइन वेबसाइट/लिंक के माध्यम से लेन-देन करने से बचें। केवल अधिकृत एवं आधिकारिक माध्यमों से ही जानकारी एवं सेवाएं प्राप्त करें। श्री महाकालेश्वर मंदिर में पूजन/अभिषेक हेतु ऑनलाइन बुकिंग केवल मंदिर की अधिकृत वेबसाइट https://www.shrimahakaleshwar.mp.gov.in/ के माध्यम से ही की जा सकती है।

वृद्धजनों ने किए दर्शन
अंबोदिया स्थित सेवाधाम आश्रम के 50 नि:शक्त एवं बुजुर्गों ने शनिवार को भगवान महाकाल के दर्शन किए। मंदिर में उनके लिए आसान व्यवस्था की गई। साथ ही व्हीलचेयर भी उपलब्ध करवाई गई ताकि वे आसानी से दर्शन कर सकें। दर्शन करने के बाद सभी बेहद खुश नजर आए।

Related Articles

Write a review