महाकाल क्षेत्र में निर्माण के लिए नक्शे अब पोर्टल पर लिए जाएंगे

200 भवन स्वामियों के नक्शे अटके थे नगर निगम में
Thank you for reading this post, don't forget to subscribe
नक्शा पास करवाने के लिए सावधानी बरतें
अक्षरविश्व न्यूज:उज्जैन। महाकाल क्षेत्र में रहने वाले उन मकान मालिकों के लिए अच्छी खबर है जो निर्माण पर लगी रोक हटने के बाद अपने जर्जर मकान बनाने वाले हैं। नगर निगम ने नक्शा पास कराने के लिए पोर्टल चालू कर दिया है। बताया जाता है कि रोक लगने के कारण पिछले पांच साल से महाकाल क्षेत्र में रहने वालों के नक्शे पास नहीं किए जा रहे थे।
पोर्टल पर भी आवेदन अस्वीकृत कर दिए जाते थे। अब भवन स्वामियों को नक्शा पास कराने के लिए नगर निगम के चक्कर नहीं काटना पड़ेंगे। पोर्टल पर अनुमति संबंधी समस्त जानकारी उपलब्ध रहेगी। इसके बाद भी यदि किसी को दिक्कत आती है तो जोन कार्यालय जाकर समस्या का समाधान किया जा सकता है। एमआईसी मेंबर डॉ. योगश्वरी राठौर का कहना है कि नगर निगम में करीब दो सौ लोगों ने आवेदन किए थे। 500 मीटर के दायरे में रोक के कारण नक्शे स्वीकृत नहीं किए जा रहे थे।
अब पोर्टल पर सुविधा शुरू कर दी गई है। इसके बाद भी यदि किसी को दिक्कत आती है तो वे उनसे संपर्क कर सकते हैं। उन्होंने यह भी कहा कि नक्शे पास कराना आसान नहीं होता। इस मामले में यदि कोई व्यक्ति बीचवान बनता है तो उसके बहकावे में न आएं। नक्शे पास कराने के लिए नगर निगम द्वारा निर्धारित शुल्क लिया जाता है।









