मैकेनिक ने किया सुसाइड, भतीजा कमरे में पहुंचा तो फंदे पर लटका देखा शव, पुलिस जांच में जुटी

अक्षरविश्व न्यूज इंदौर। विजयनगर क्षेत्र में एक मैकेनिक ने अपने घर में फांसी लगाकर आत्महत्या कर ली। घटना का खुलासा तब हुआ जब उसका भतीजा खेलते-खेलते अंदर के कमरे में गया और अपने बड़े पापा को फंदे पर लटका देखा। बच्चा घबराकर चिल्लाने लगा, जिसके बाद पड़ोसी मौके पर पहुंचे। जब तक उसे फंदे से उतारा गया, उसकी मौत हो चुकी थी। विजय नगर पुलिस के अनुसार, मृतक की पहचान सोनू खरे (45), पुत्र मोतीलाल खरे, निवासी मालवीय नगर के रूप में हुई है।

पड़ोसियों ने पुलिस को बताया कि घटना के समय मृतक घर पर अकेला था। उसकी पत्नी बबीता और दोनों बच्चे काम पर गए हुए थे। सोनू भी मैकेनिक का काम करता था, लेकिन वह उस दिन काम पर नहीं गया था। पुलिस को मौके से कोई सुसाइड नोट नहीं मिला है। पुलिस ने शव को पोस्टमॉर्टम के लिए भेज दिया है और मामले की जांच जारी है।









