पीएम मोदी की मन की बात एपिसोड में महाकाल की मिलेट्स प्रसादी का जिक्र

तीन माह में महाकाल में बिके 3300 किलो रागी लड्डू
उज्जैन। प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी के जनवरी के रेडियो कार्यक्रम में महाकाल के मिलेट्स प्रसाद का जिक्र भी हुआ। उन्होंने मोटे अनाज की खेती करने करने वाले किसानों का जिक्र करते हुए श्री महाकालेश्वर मंदिर से बिक रहे लड्डूओं की बात की। पीएम ने कहा कि मुझे खुशी है कि देश के कई मंदिरों में मिलेट्स को प्रसाद के रूप में अपनाया जा रहा है।
इसके लिए मैं उन सभी मंदिरों के व्यवस्थापकों की सराहना करता हूं। श्री महाकालेश्वर मंदिर प्रबंध समिति ने ज्योतिर्लिंग महाकालेश्वर मंदिर में रागी (श्री अन्न) के लड्डू प्रसाद की शुरुआत तीन महीने पहले की थी। मुख्यमंत्री डॉ. मोहन यादव की पहल पर मंदिर प्रबंध समिति अध्यक्ष कलेक्टर रौशनकुमार सिंह और प्रशासक प्रथम कौशिक ने राजस्थान से स्पेशल रसोइए बुलाकर रागी के लड्डू बनाने का काम शुरू किया था। इससे पहले मंदिर में बेसन के लड्डू प्रसाद के तौर पर विक्रय किए जाते थे। करीब तीन महीने पहले शुरू की गई इस पहल को श्रद्धालुओं ने हाथोंहाथ लिया है। इस अवधि में 330 क्विंटल लड्डू प्रसाद भक्त अपने साथ ले गए हैं। इससे मंदिर प्रबंध समिति को एक करोड़ 50 लाख रुपए की आय हुई है।
स्वास्थ्यवर्धक है रागी के लड्डू प्रसाद
रागी के लड्डू प्रसाद स्वास्थ्यवर्धक भी हैं। इन्हें रागी, गुड़, शुद्ध देसी घी और सूखे मेवों से बनाया जाता है। पैक करने से पहले श्री महाकालेश्वर को भोग लगाकर उन्हें महाप्रसाद के रूप में वितरित किया जा रहा है। इसका उद्देश्य श्रद्धालुओं को पौष्टिक और स्वास्थ्यवर्धक प्रसाद प्रदान करना है। इसकी कीमत 400 रुपए प्रति किलो तय है। यह देश का पहला मंदिर है, जहां श्रीअन्न (मिलेट्स) से निर्मित प्रसाद की व्यवस्था लागू की गई है।









