नईदिल्ली रेलवे स्टेशन से उज्जैन के रहने वाले इंजीनियर का मोबाइल चोरी

बैंक अकाउंट्स से निकाले 2.90 लाख

अक्षरविश्व न्यूज उज्जैन। उज्जैन में रहने वाले इंजीनियर का मोबाइल नईदिल्ली रेलवे स्टेशन पर अज्ञात बदमाश ने चोरी कर लिया। इसके बाद उनके चार अलग-अलग बैंक अकाउंट्स से 2.90 लाख रुपए निकाल लिए। इसी तनाव में उनकी तबीयत खराब हो गई और उज्जैन पहुंचने पर उन्हें माधवनगर अस्पताल में भर्ती करवाया गया।
उज्जैन निवासी हितेंद्रसिंह गुर्जर पेशे से इंजीनियर हैं और नोएडा की निजी कंपनी में पदस्थ हैं। शनिवार को हितेंद्र सिंह नईदिल्ली रेलवे स्टेशन से उज्जैन के लिए इंटरसिटी एक्सप्रेस (12416) में सवार हो रहे थे। इसी दौरान भीड़ का फायदा उठाकर बदमाश ने उनका मोबाइल निकाल लिया। रविवार को उज्जैन आने पर हितेंद्र ने सिम ब्लॉक करवा दी और बैंक अकाउंट्स की जांच की तो पता चला कि बदमाश ने चोरी के कुछ समय बाद ही 50 से अधिक ऑनलाइन ट्रांजेक्शन कर खातों से 2.90 लाख रुपए निकाल लिए। इसके बाद हितेंद्र ने उज्जैन जीआरपी को सूचना देकर शिकायत दर्ज करवाई।
तनाव से बिगड़ी तबीयत
घटना के कारण मानसिक तनाव और आर्थिक नुकसान से हितेंद्र सिंह की तबीयत बिगड़ गई। जिसके बाद परिजनों ने उन्हें माधवनगर अस्पताल में भर्ती करवाया। हितेंद्र ने मांग की है कि मामले में अज्ञात आरोपियों के विरुद्ध सख्त कार्रवाई की जाए।









