तीन दिन में 8 लाख से अधिक ने किए महाकाल दर्शन

अक्षरविश्व न्यूज उज्जैन। तीन दिन की छुट्टियों में श्री महाकाल मंदिर में 8 लाख से अधिक दर्शनार्थियों ने दर्शन किए हैं। हालांकि प्रशासन को इन तीन दिनों में पांच लाख दर्शनार्थियों के आने का अनुमान था। यह आंकड़ा दो दिनों में ही पार हो गया।

पिछले सप्ताह 24, 25 व 26 जनवरी को शनिवार, रविवार व गणतंत्र दिवस का अवकाश था। तीन दिन के लंबे अवकाश मेें हमेशा की तरह इस बार भी सैलानियों का रुख उज्जैन की तरफ रहा। शुक्रवार रात से ही शहर में दर्शनार्थियों का शहर में आना शुरू हो गया था। शनिवार सुबह से तो शहर में खासी भीड़ हो गई थी। दर्शनार्थियों के वाहन और ई-रिक्शा के कारण शहर के कई इलाकों में जाम की स्थिति बनने लगी थी। दर्शनार्थियों की संख्या के आगे प्रशासनिक अनुमान भी फेल हो गया। मंदिर सूत्रों के मुताबिक शनिवार को 2 लाख 92 हजार 429, रविवार को 2 लाख 3 हजार 217 और सोमवार को करीब ढाई लाख लोगों ने भगवान श्री महाकाल के दर्शन किए हैं।
अब महाशिवरात्रि पर धूम, 7 से शुरू होगा उत्सव
मंगलवार से दर्शनार्थियों की संख्या सामान्य हो गई है। भगवान महाकालेश्वर के आंगन में 15 फरवरी को महाशिवरात्रि महोत्सव धूमधाम से मनाया जाएगा। उत्सव की शुरुआत 9 दिन पहले यानी 7 फरवरी से प्रारंभ हो जाएगा। भगवान महाकाल को इन नौ दिनों प्रतिदिन अलग-अलग मुखौटो में श्रृंगारित किया जाएगा और दुल्हा बनाया जाएगा। 15 फरवरी महाशिवरात्रि की रात विवाह व पूजनपाठ के बाद अगले दिन 16 नंबर को दोपहर में भस्मारती के बाद उत्सव का समापन होगा। इस नौ दिवसीय महोत्सव में भगवान महाकाल को दुल्हा बनते देख देशभर के नागरिक पहुंचते हैं। इस कारण 7 फरवरी से मंदिर में दर्शनार्थियों की संख्या में एक बार फिर इजाफा होगा, जो महाशिवरात्रि पर अपने चरम पर होगा।









