मां बना रही थी वीडियो, बेटियां नदी में डूबने लगी, तैराकों ने पानी से निकाला

सूरत का परिवार धार्मिक यात्रा पर आया था उज्जैन, हादसे का शिकार होने से बचा
अक्षरविश्व न्यूज. उज्जैन सूरत से उज्जैन दर्शन करने आई तीन युवतियां सुबह नदी में नहाने के दौरान गहरे पानी में डूबने लगीं। इस दौरान उनकी मां घाट पर बैठकर युवतियों का मोबाइल से वीडियो बना रही थी। शोर सुनकर तैराक नदी में कूदे और तीनों युवतियों को गहरे पानी से निकालकर उनकी जान बचाई।
होमगार्ड सैनिकों ने बताया कि जिया, पूजा, सरिता निवासी सूरत गुजरात अपनी मां के साथ उज्जैन दर्शन करने आई थीं और सुबह शिप्रा नदी में नहाने पहुंची थीं। तीनों युवतियां नदी में नहा रही थीं तभी गहरे पानी में डूबने लगीं इस दौरान युवतियों की मां घाट पर बैठकर मोबाइल से वीडियो बना रही थी, जबकि युवतियां सही में गहरे पानी में डूबने के दौरान बचाने के लिये शोर मचा रही थीं। शोर सुनकर घाट पर मौजूद होमगार्ड सैनिक सुदेश शर्मा, एसडीआरएफ सैनिक वीरेन्द्र राजपूत व विकास गुरू ने नदी में कूदकर तीनों युवतियों गहरे पानी से बाहर निकालकर जान बचाई और परिजनों के सुपुर्द किया।









