हत्या करने वाला हमलावर गिरफ्तार

अक्षरविश्व न्यूज उज्जैन। नीलगंगा थाना क्षेत्र के ईसाई कब्रिस्तान में गुरुवार रात युवक की चाकू मारकर हत्या करने वाले आरोपी को पुलिस ने गिरफ्तार कर लिया है। दीपावली की रात पटाखे फोडऩे को लेकर दोनों के बीच विवाद हुआ था जिसके बाद आरोपी ने इस वारदात को अंजाम दिया।
Thank you for reading this post, don't forget to subscribe!
पुलिस ने मामले का खुलासा करते हुए बताया कि फरियादी संस्कार पिता स्व. वेदप्रकाश शर्मा निवासी यंत्रमहल मार्ग ने नीलगंगा थाने में रिपोर्ट दर्ज करवाई कि गुरुवार रात करीब १०.३० बजे वह अपने दोस्त अर्पित पिता मोहन राठौर निवासी शिवाजी नगर और मोहित योगी के साथ ईसाई कब्रिस्तान के पास बैठा था। उसी समय वहीं रहने वाला गौतम शर्मा भी आ गया। दीपावली के दिन अर्पित राठौर और गौतम शर्मा के बीच हुए पटाखे फोडऩे को लेकर विवाद हुआ था जिसके चलते गौतम ने गाली-गलौच शुरू कर दी।
इस पर दोनों के बीच फिर विवाद हो गया जिसके बाद गौतम शर्मा ने चाकू निकाला और अर्पित पर दो वार किए जिससे अर्पित गंभीर रूप से घायल हो गया। संस्कार शर्मा और मोहित योगी घायल अर्पित को तत्काल चरक अस्पताल ले गए जहां हालत गंभीर होने पर तीन बत्ती चौराहा स्थित निजी अस्पताल में भर्ती करवाया जहां शुक्रवार सुबह अर्पित की मौत हो गई।
ऐसे पकड़ में आया आरोपी
घटना की गंभीरता को देखते हुए टीआई तरुण कुरील ने विशेष टीम गठित की जिसने घटनास्थल और आसपास के क्षेत्रों में तलाशी अभियान चलाया। इसी दौरान टीम को मुखबिर से सूचना मिली जिसके बाद आरोपी गौतम पिता कमलेश शर्मा को गिरफ्तार कर लिया गया। उसकी निशानदेही पर पुलिस ने चाकू भी बरामद किया है। शुक्रवार को उसे कोर्ट में पेश किया गया।
पत्नी की हत्या करने वाला हत्यारा पति गिरफ्तार, भागने की फिराक में था
उज्जैन। चरित्र शंका में पत्नी की हत्या करने वाले आरोपी पति को आखिरकार माकड़ौन पुलिस ने गिरफ्तार कर ही लिया। पुलिस ने उसे पकडऩे के लिए सूचना तंत्र और मुखबिरों को एक्टिव किया था जिसके बाद आरोपी पुलिस के हत्थे चढ़ गया। शुक्रवार को उसे कोर्ट में पेश किया जहां से जेल भेज दिया गया। माकड़ौन पुलिस ने बताया कि १६ अक्टूबर को ग्राम झलारी में महिला की हत्या की सूचना मिली थी। सूचनाकर्ता शंभू सिंह पिता मानसिंह कछावा (44) निवासी ग्राम सावन (झारड़ा) ने रिपोर्ट दर्ज करवाई कि उसकी बहन सोहनबाई पति जसवंत सिंह सौंधिया निवासी ग्राम झलारी की संदिग्ध परिस्थितियों में मौत हो गई है।
सूचना पर पुलिस ने प्रकरण दर्ज कर जांच शुरू की। इस दौरान सबूतों और गवाहों के बयानों के आधार पर स्पष्ट हुआ कि सोहनबाई की हत्या उसके ही पति जसवंत सिंह उर्फ जस्सू पिता बहादुर सिंह बगड़ावत (43) निवासी ग्राम झलारी ने ही की थी। एसआई लालचंद शर्मा ने बताया कि सोहनबाई फोन पर बात करती थी जिसे लेकर जसवंत सिंह उस पर शंका करता था, इसी के चलते उसने पहले डंडे से हमला किया और उसके बाद गला दबाकर पत्नी को मौत के घाट उतार दिया। मामले में पुलिस ने हत्या का प्रकरण दर्ज किया।
गतिविधियों पर रखी नजर : आरोपी जसवंत सिंह को पकडऩे के लिए पुलिस सरगर्मी से उसकी तलाश कर रही थी। इसके लिए सूचना तंत्र और मुखबिरों को एक्टिव कर आरोपी की गतिविधियों पर नजर रखी गई। गुरुवार को झलारी फंटा से आरोपी को धरदबोचा गया। वह कहीं भागने की फिराक में था। शुक्रवार को उसे कोर्ट में पेश किया गया जहां से जेल भेज दिया गया।










