शहर अध्यक्ष की दौड़ में अनेक दिग्गजों के नाम, दिसंबर तक हो जाएगी नियुक्ति

भाजपा संगठन चुनाव : बूथ समितियों का गठन 31 अक्टूबर से
Thank you for reading this post, don't forget to subscribe!
अक्षरविश्व न्यूज:उज्जैन। भारतीय जनता पार्टी सक्रिय सदस्यता अभियान के साथ संगठन चुनाव की रूपरेखा तैयार हो गई है। सक्रिय सदस्यता के बाद बूथ समितियों का गठन किया जाएगा। नए शहर अध्यक्ष के लिए भी कवायद चल रही है। पांच से अधिक नेता इसके लिए दौड़ में बने हुए है। उम्मीद है कि दिसंबर के पहले सप्ताह तक शहर को नया अध्यक्ष मिल जाएगा।
भारतीय जनता पार्टी में 31 अक्टूबर को सक्रिय सदस्यता का अभियान पूरा होने के बाद नवंबर महीने के पहले पखवाड़े में बूथ समितियों का गठन होगा। बूथ समितियों के गठन के बाद बाद मंडल अध्यक्षों का चुनाव होगा। वहीं जिला अध्यक्ष और फिर प्रदेश अध्यक्ष का निर्वाचन कराया जाएगा। जिला अध्यक्ष के चुनाव के साथ ही एक प्रदेश प्रतिनिधि हर जिले से नॉमिनेट किया जाएगा, जो प्रदेश अध्यक्ष के चुनाव में हिस्सा लेगा। बहरहाल सदस्यता अभियान के बीच नए अध्यक्ष के नामों को लेकर चर्चा चल पड़ी है। वहीं कुछ नेता अपने स्तर पर दावेदारी कर रहे है।
कोई आपराधिक मामला दर्ज नहीं
सक्रिय सदस्यता के फॉर्म में भाजपा यह स्व घोषणा लिखवा रही है कि उन पर कोई आपराधिक मामला दर्ज नहीं है। इसके अलावा यह भी देखा जा रहा है कि मस्ड कॉल के जरिए सदस्य बने लोगों में कोई आपराधिक छवि वाला व्यक्ति मेंबर तो नहीं बन गया है।
ऐसे होगी छंटनी
भाजपा के सदस्यता अभियान के दौरान जो लोग सदस्य बने हैं। उनमें से किसी आपराधिक छवि के व्यक्ति और निष्कासित नेता के सदस्य बनने की सूचना या शिकायत स्थानीय स्तर पर संगठन को मिली है। तो उस सदस्य के नाम और मोबाइल नंबर से मेंबरशिप के डेटा में सर्च किया जाएगा। इस प्रकार के जो भी लोग सदस्य बने हैं उनके सदस्यता नंबर और डिटेल को सर्च करके मेंबरशिप टर्मिनेट की जाएगी।
चार नामों की चर्चा अधिक
भाजपा सक्रिय सदस्यता अभियान के बाद पार्टी में नए शहर अध्यक्ष को लेकर कयास लगाए जा रहे हंै। वैसे तो इस पद के लिए कई बड़े नेता दावेदारी कर रहे हैं। लेकिन खास चर्चा सोनू गेहलोत, अमित श्रीवास्तव, ओम जैन और संजय अग्रवाल को लेकर है। इसमें से श्रीवास्तव तो पिछले कई वर्षों से इस पद के लिए प्रयासरत रहे पर हर बार उपाध्यक्ष पद से संतोष करना पड़ा। नगर निगम के पूर्व अध्यक्ष सोनू गेहलोत और ओम जैन की चर्चा संगठनात्मक अनुभव के आधार अध्यक्ष पद के लिए हो रही है। सत्ता-संगठन में बेहतर तालमेल के कारण संजय अग्रवाल का नाम भी प्रमुख तौर पर चल रहा है।
सत्यापन और समीक्षा के लिए समिति
भाजपा नगर अध्यक्ष विवेक जोशी ने बताया कि सदस्यता के सत्यापन और समीक्षा के लिए समिति बनाई है। इस समिति के ध्यान में यदि कोई अनापेक्षित व्यक्ति के सदस्य बनने की सूचना हो, या कोई दावा-आपत्ति हो तो उसका सत्यापन करके उसे तत्काल भारतीय जनता पार्टी की उस सदस्यता से निष्कासित किया जाता है। आपराधिक छवि के लोग भी पार्टी के सदस्य नहीं रह पाएंगे। इसके लिए पहले ही व्यवस्था दी जा चुकी है कि समीक्षा समिति के संज्ञान में ऐसे लोगों के नाम नंबर लाएं या दावे आपत्ति में सूचना दें।









