मामी को गांजे की डिलेवरी देने आया भांजा पकड़ाया

उज्जैन। नागदा से गांजा लेकर खाचरौद में उसकी डिलेवरी करने वाले नशे के सौदागर को पुलिस ने गिरफ्त में लिया है। तलाश में उसके पास से 560 ग्राम गांजा और 5 मोबाइल जब्त किए गए। टीआई धनसिंह नलवाया ने बताया कि मुखबिर की सूचना पर हाथीखान गली में नाकाबंदी की। इस दौरान वहां से जा रहे देव पिता मुन्नालाल (20) निवासी ई-ब्लॉक कॉलोनी, नागदा को संदेह के आधार पर रोककर तलाशी ली तो उसके कब्जे से जैकेट में 560 ग्राम अवैध मादक पदार्थ गांजा बरामद किया गया।
Thank you for reading this post, don't forget to subscribe!
जिसकी कीमत करीब 7 हजार रुपए है। पूछताछ में उसने बताया कि गांजा वह अपने मामा कालू उर्फ संतोष पिता पीरू निवासी नागदा से लेकर खाचरौद में रहने वाली अपनी मामी रितु सौदे को देना आया था। इसके बाद उसके खिलाफ एनडीपीएस एक्ट में प्रकरण दर्ज करते हुए 70 हजार रुपए कीमत के दो मोबाइल भी जब्त किए गए। जांच में पता चला कि आरोपी देव आदतन अपराधी है और उसके खिलाफ नागदा के बिरलाग्राम थाने में 4 प्रकरण पहले से दर्ज हैं। मामले में फिलहाल आरोपी कालू उर्फ संतोष और रितु सौदे फरार हैं जिनकी तलाश की जा रही है।









