इंदौर-उज्जैन रोड के बीच नए एयरपोर्ट पर मंथन

2000 एकड़ जमीन की तलाश में राजस्व विभाग
अक्षरविश्व न्यूज. उज्जैन:उज्जैन की दताना-मताना हवाई पट्टी को विकसित करने की स्वीकृत योजना के बीच उज्जैन को नए एयरपोर्ट की सौगात देने की कवायद चल रही है। इसके शासन स्तर पर इंदौर-उज्जैन रोड के मध्य नए एयरपोर्ट के लिए मंथन किया गया है। इसके लिए 2000 एकड़ जमीन की तलाश शुरू की गई है।
उज्जैन में जल्द ही नए एयरपोर्ट के लिए अधिकारियों ने जमीन देखना शुरू कर दी है। नया एयरपोर्ट उज्जैन और इंदौर रोड के बनाने की योजना है। पहले दताना हवाई पट्टी के विस्तार को लेकर बात बनी थी, लेकिन अब सीएम मंशा अनुसार उज्जैन में नए एयरपोर्ट की सौगात देने के लिए शासन-प्रशासन स्तर पर प्रयास प्रारंभ हो गए है। फिलहाल शहर में नया एयरपोर्ट खुलने को लेकर शासन-प्रशासन स्तर पर सीधे कुछ बताने/कहने को तैयार नहीं हे,लेकिन राजस्व विभाग के सूत्रों के मुताबिक दताना हवाई पट्टी के विस्तार के साथ शहरी सीमा से करीब 20 किमी के दायरे में नए एयरपोर्ट के लिए भी 2000 एकड़ जमीन तलाश की जा रही है। कुछ समय पहले उज्जैन में हवाई अड्डा बनाने को 187 करोड़ 70 लाख रुपए की डीपीआर बनाई गई थी।
हो चुका है हवाई पट्टी का निरीक्षण
बता दें कि उज्जैन में एयरपोर्ट बनाने के लिए जमीन देखने विमानन विभाग के आयुक्त चंद्रमौली शुक्ला सहित अन्य अधिकारी उज्जैन आए थे। उन्होंने देवास रोड स्थित दताना हवाई पट्टी का निरीक्षण किया। यहां 180 बैठक क्षमता वाले विमानों की लैंडिंग के हिसाब से पांच रनवे वाला एयरपोर्ट बनाने का प्रस्ताव राजस्व और लोक निर्माण विभाग के अधिकारियों से मांगा था।









