Advertisement

अब महाकाल मंदिर में भी कुत्तों का आतंक, बालक को काटा

उत्तराखंड से परिवार के साथ भस्म आरती में शामिल होने आए थे…

Thank you for reading this post, don't forget to subscribe!

Advertisement

घायल बालक को एम्बुलेंस से चरक अस्पताल ले जाया गया

अक्षरविश्व न्यूज उज्जैन। महाकाल मंदिर में उस समय कोहराम मच गया जब भस्म आरती के लिए कतार में लगे एक परिवार के बच्चे को कुत्ते ने काट लिया। कुछ देर के लिए टनल में दहशत फैल गई थी। दो कुत्ते आपस में लड़ रहे थे। इनमें से एक बच्चे की तरफ लपका और शिकार बना लिया। वह दूसरे बच्चे की तरफ भी लपका तब तक उनके माता पिता सतर्क हो गए थे अन्यथा वह बच्चा भी कुत्ते के दांतों का शिकार हो जाता। इस घटना ने महाकालेश्वर मंदिर में तैनात की गई उस कंपनी की लापरवाही को उजागर कर दिया है जो मोटी रकम लेकर सुरक्षा का दावा कर रही है। भस्म आरती में शामिल होने आए श्रद्धालुओं में आक्रोश देखा गया।

Advertisement

हमेशा की तरह महाकाल मंदिर भस्म आरती के लिए श्रद्धालुओं की टनल में कतार लगी हुई थी। श्रद्धालु ओम नम: शिवाय का जाप कर रहे थे। इसी बीच टनल में ही दो कुत्ते लड़ते हुए पहुंचे। देहरादून उत्तराखंड से आए अरविंद भी अपनी पत्नी कंचन चंदौला, बेटे अक्षोभ्य व अभ्यांश व मां के साथ लाइन में लगे थे। करीब पौने चार बजे आपस में लड़ रहे कुत्ते में से एक ने अक्षोभ्य पर हमला कर दिया।

मां बोलीं…ऐसी लापरवाही कहीं नहीं देखी

Advertisement

कंचना चंदोला ने बताया कि वह पति, दो बच्चे व सास के साथ शनिवार दोपहर उज्जैन आईं थीं। भस्म आरती दर्शन की बुकिंग पहले से ऑनलाइन कराई थी। आरती दर्शन का समय सुबह 4 बजे का था इस कारण रात 12 बजे ही होटल से तैयार होकर दो बजे मंदिर पहुंच गए थे। हमें हाथों में रिस्ट बैंड बांधे गए। सभी लोगों के साथ मंदिर की ओर बढ़ रहे थे तभी कुत्तों ने बेटे पर हमला किया। कंचना ने बताया कि जब पूरे मंदिर परिसर व क्षेत्र में सिक्यूरिटी गार्ड मौजूद हैं तो सुरक्षा की जिम्मेदारी मंदिर प्रशासन की है। हमने देश के अन्य मंदिरों में भी दर्शन किए हैं लेकिन ऐसी अव्यवस्था कहीं नहीं देखी।

अचानक हुए हमले से बालक घबराया

कुत्ते के द्वारा किए गए हमले से बालक अक्षोभ्य घबरा गया। उसके पैर में कुत्ते के दांत गढ़ गए थे। खून बहने लगा और वह दर्द के मारे कराहने लगा। इधर एक कुत्ता अक्षोभ्य के भाई अभ्यांश पर काटने को लपका लेकिन उसके माता पिता ने कुत्ते को भगा दिया। यह देखकर टनल में मौजूद लोगों में दहशत व्याप्त हो गई। कुछ देर बाद सिक्यूरिटी गार्ड डंडा लेकर आए और आपस में लड़ रहे कुत्तों को मंदिर परिसर से बाहर निकाला।

दूसरे दिन कराएंगे भस्म आरती

कंचना चंदोला ने बताया कि घायल बेटे को मौके पर मौजूद डॉक्टर ने टिटनेस का इंजेक्शन लगाया फिर एम्बुलेंस से अस्पताल रवाना किया। यहां बेटे को रैबीज के इंजेक्शन लगे हैं। इस पूरी घटना के कारण हमारा परिवार भस्म आरती दर्शन नहीं कर पाया। मंदिर समिति के कर्मचारियों ने उन्हें आश्वासन दिया है कि आप शिकायत दर्ज कराएं। अगले दिन भस्म आरती दर्शन करा दिए जाएंगे।

मॉर्निंग वॉक पर निकला व्यक्ति और घर के बाहर खेल रही बालिका कुत्तों के शिकार

श हर में स्ट्रीट डॉग का आतंक का कोई समाधान निकलता नजर नहीं आ रहा। नगर निगम हो या जनप्रतिनिधि किसी को कुत्तों के काटने से घायल होने वालों से कोई सरोकार नहीं। सुबह मॉर्निंग वॉक पर निकले एक व्यक्ति और घर के बाहर खेल रही बालिका को कुत्ते ने काटकर घायल कर दिया। एक मामले में जीवाजीगंज थाने में शिकायत भी दर्ज कराई गई है।

गौतम मार्ग निवासी सुभाष राठौर पिता राजगोपाल ने बताया कि वह अपने दोस्त सुरेश सोनी, राजेन्द्र शर्मा, अजय सुनेरिया के साथ रोजाना की तरह मॉर्निंग वॉक पर विष्णु सागर गए थे। सुबह करीब 7 बजे भ्रमण करने के दौरान कुत्ते ने पैर में काट लिया। कुत्ता यहां रहने वाले पुजारी का पालतू है। पुजारी द्वारा उसे खुला छोड़ दिया जाता है। विष्णु सागर पर प्रतिदिन सैकड़ों की संख्या में प्रात: भ्रमण करने महिला, पुरुष, वृद्ध, बच्चे आते हैं।

कुत्ते की वजह से उनमें दहशत बनी रहती है। कुत्ते के काटने पर जीवाजीगंज थाने में पुजारी के खिलाफ शिकायत दर्ज कराई गई है। इधर लालपुर नागझिरी शासकीय मकान में रहने वाली पूर्वी पिता अजय बौरासी 7 वर्ष सुबह 9 बजे घर के बाहर खेल रही थी। उसी दौरान स्ट्रीट डॉग पहुंचा और पूर्वी के पैरों में काटकर उसे घायल कर दिया। पिता अजय उसे चरक अस्पताल लेकर पहुंचे। दर्द के कारण रो रही बालिका को बड़ी मुश्किल से वार्ड बाय ने रैबीज का इंजेक्शन लगाया। अजय बौरासी ने बताया कि कुछ समय पहले भी बेटी को स्ट्रीट डॉग ने काटकर घायल किया था।

Related Articles

Write a review