Advertisement

महाकाल मंदिर में अब मशीन से नहीं मिलेगा लड्डू प्रसाद

बार-बार तकनीकी खराबी आने से लिया फैसला, जिस फ्लैक्स पर लिखे थे निर्देश उसी से बंद कर लगाए बैरिकेड

Thank you for reading this post, don't forget to subscribe!

Advertisement

अक्षरविश्व न्यूज उज्जैन। श्री महाकालेश्वर मंदिर में श्रद्धालुओं को २४ घंटे लड्डू प्रसाद मिल सके, इसके लिए एटीएम की तरह की मशीन लगाई गई थी जो तकनीकी खराबी आने के कारण कुछ माह से बंद पड़ी थी। अब इसे पूरी तरह से बंद कर दिया गया है। ऐसे में श्रद्धालु अब पहले की तरह काउंटर से ही प्रसाद खरीद रहे हैं।

दरअसल, कोयंबटूर की 5जी टेक्नोलॉजिस कंपनी द्वारा बनाई गई मशीन गेट नंबर १ अवंतिका द्वार के समीप लगाई गई थी। १ दिसंबर २०२४ को इस मशीन का शुभारंभ हुआ था। बैंक की प्रोसेस पूरी होने के बाद ४ दिसंबर से इसे श्रद्धालुओं के लिए शुरू कर दिया था लेकिन ३ दिन तक मशीन सही चली और ७ दिसंबर को इसके सिस्टम में पहली बार तकनीकी खराबी आई थी। जिसके बाद मंदिर समिति ने मशीन बनाने वाली कंपनी के बिजनेस हेड एम. कानन को बुलवाकर इसे दुरुस्त करवाया था लेकिन इसके बाद भी समय-समय पर इसमें गड़बड़ी आती रही जिसके चलते मशीन कुछ महीनों से बंद पड़ी थी जिसके बाद अब इसे फ्लैक्स से कवर कर और बैरिकेड लगाकर पूरी तरह से बंद कर दिया है। मशीन बंद होने के बाद मंदिर आने वाले दर्शनार्थी मशीन के संबंध में पूछते थे। पहले यहां दो गार्ड की ड्यूटी थी जो मशीन बंद होने की जानकारी देते थे। उन्हें भी हटा दिया है।

Advertisement

इस तरह काम करती थी मशीन
सबसे पहले श्रद्धालु मशीन पर दिए क्यूआर कोड को स्कैन करते थे। इसके बाद वह १००, २०० और ५०० ग्राम के लड्डू प्रसाद का चयन करते थे। ऑनलाइन पैमेंट करने के बाद लड्डू प्रसादी का पैकेट मशीन से बाहर आ जाता था। इससे भक्तों को लाइन में लगने की जरूरत नहीं होती थी। यह सुविधा २४ घंटे उपलब्ध थी जिसके चलते कभी भी प्रसाद प्राप्त किया जा सकता था।

130 पैकेट रखने की क्षमता थी
मशीन में एक बार में १००, २०० और ५०० ग्राम के १३० पैकेट रखने की क्षमता थी। इसके बाद इसे दोबारा रिफिल करना पड़ता था। इसमें कर्मचारियों को ३० मिनट का समय लगता था। इसके अलावा मशीन ऑपरेट करने के लिए मंदिर प्रशासन ने इसके लिए कर्मचारियों को फाइव जी टेक्नोलॉजिस के बिजनेस हेड एम. कानन से बेसिक ट्रेनिंग भी दिलवाई थी ताकि छोटी-मोटी समस्या को ऑन द स्पॉट दूर किया जा सके।

Advertisement

देश का पहला मंदिर जहां यह सुविधा थी
मंदिर समिति को एक भक्त ने यह मशीन भेंट की थी। इसके लगने के बाद श्री महाकालेश्वर मंदिर देश का पहला ऐसा मंदिर बन गया था जहां यह हाईटेक सुविधा शुरू हुई थी। देश के किसी अन्य मंदिर में अब तक फिलहाल ऐसी सुविधा उपलब्ध नहीं है लेकिन जितनी जल्दी यह सुविधा शुरू हुई उससे दोगुनी तेजी से बंद हो गई है। अब पहले की तरह मंदिर परिसर में बने अलग-अलग काउंटरों से ही श्रद्धालु प्रसाद खरीद रहे हैं।

इनका कहना
मशीन में बार-बार एरर की समस्या आ रही थी जिसके कारण लड्डू प्रसाद के पैकेट बाहर नहीं आ रहे थे। सुधार के बाद भी यह समस्या बार-बार बन रही थी जिसके चलते अब इसे बंद कर दिया गया है।
मूलचंद जूनवाल, सहायक
प्रशासक, श्री महाकालेश्वर मंदिर

Related Articles

Write a review