चुनावी तैयारी के लिए आए दिग्विजयसिंह ने सुनी खरी-खरी
अक्षरविश्व न्यूज.उज्जैन। कांग्रेस नेता दिग्विजय सिंह पार्टी उन विधानसभा क्षेत्रों का दौरा कर रहे हैं, जहां कांग्रेस के प्रत्याशियों ने 3 से 4 बार लगातार हार का सामना किया है। इसी क्रम में उन्होंने मंच के सामने बैठकर उज्जैन दक्षिण और उज्जैन उत्तर के कार्यकर्ताओं की बात सुनी। इस दौरान कार्यकर्ताओं ने जमकर आक्रोश व्यक्त किया। एक कार्यकर्ता ने तो साफ-साफ कहा कि उज्जैन दक्षिण में तीन-चार बार से उन्हें टिकट दिया गया, जिन्होंने कांग्रेस से दगा की।
आगामी विधानसभा चुनाव की तैयारी को देखते हुए उज्जैन उत्तर और दक्षिण के कार्यकर्ता व वरिष्ठ कांग्रेस पदाधिकारियों के साथ पूर्व मुख्यमंत्री दिग्विजयसिंह की यह बैठक महत्वपूर्ण मानी जा रही थी। दिनभर दो अलग-अलग स्थानों पर आयोजित कार्यक्रम में प्रमुख चर्चा का केंद्र उज्जैन दक्षिण विधानसभा रही। कार्यकर्ताओं ने बीते चार चुनाव से बागियों के कारण पराजय और बगावत करने वालों को मौका देने पर जमकर भड़ास निकाली।
हरिफाटक रोड स्थिति होटल में सिंह ने पहले विधानसभा क्षेत्र के मंडल सेक्टर अध्यक्षों व बीएलए की बैठक की। इसमें केवल आमंत्रितों को प्रवेश दिया गया। इसके बाद नगरीय निकायों के निर्वाचित सदस्य, जिला व जनपद पंचायतों के निर्वाचित सदस्य, युवक कांग्रेस, एनएसयूआई, महिला कांग्रेस, सेवादल, किसान कांग्रेस व आईटी सेल सहित समस्त प्रकोष्ठों के पदाधिकारियों व कार्यकर्ताओं के साथ सीधे संवाद का मौका दिया गया।
नाम लिए बगैर उठाए सवाल
कार्यक्रम के दूसरे सत्र में दिग्विजय सिंह मंच से उतरकर कार्यकर्ताओं के बीच जाकर बैठ गए और मंच पर कांग्रेस की तमाम महिला पदाधिकारियों को स्थान दिया गया। इसके बाद संवाद का सिलसिला प्रारंभ हुआ तो जिसे भी अवसर मिला उसने जमकर गुस्सा निकाला।
कांग्रेस के हिमांशु जोशी ने कांग्रेस में एकजुटता की बात रखते हुए कहा कि उज्जैन दक्षिण विधानसभा में कांग्रेस लगातार पराजय का सामना कर रही है। कांग्रेस को पार्टी के गद्दारों की वजह से पराजय मिलती रही है। जिसे पार्टी ने टिकट नहीं दिया, वह बागी हो गया।
पार्टी में शामिल होने पर फिर से टिकट दी गई। अब कांग्रेस से गद्दारी करने वालों को मौका नहीं दिया जाए। चेतन यादव ने विधानसभा चुनाव में गद्दारों को मौका देने के लिए नेताओं को आड़े हाथों लिया। यादव ने कहा पार्टी ने मेहनती, जमीन और समर्पित कार्यकर्ताओं को नजरअंदाज किया। दीपक मेहरे ने कहा कि जिसने पार्टी का नुकसान पहुंचाया, उसे ही कांग्रेस ने मौका दिया।
अब नए ऊर्जावान को मौका दिया जाना चाहिए। कुछ और भी कार्यकर्ता थे, जिन्होंने कहा कि पंजा नहीं मिला तो इंजन और पतंग से चुनाव लडऩे वालों ने कांग्रेस का नुकसान किया। कांग्रेस ने इन्हें फिर से मौका भी दिया। ऐसे बागियों को अवसर नहीं दिया जाना चाहिए।
राजा कहने पर बोलने से रोका
संवाद कार्यक्रम में अपनी बात की शुरुआत जिसने भी ‘आदरणीय राजा साहब से कीÓ, उसे मंच से बोलने से रोक दिया गया। दिग्विजय सिंह पूरे संवाद के दौरान मंच के सामने कुर्सी पर बैठे रहे और नोटबुक में पाइंट नोट करते रहे।
जिलेभर के नेता जुट गए
बैठक के लिए स्पष्ट निर्देश थे, जो जिस विधानसभा क्षेत्र का कार्यकर्ता/मतदाता है वह उसी विधानसभा के कार्यक्रम में शामिल होगा। इसके बाद भी जिलेभर के नेता और कार्यकर्ताओं का जमावड़ा बना रहा। जिले के तीन विधायक तो अपने साथ कार्यकर्ताओं की फौज लेकर आए थे।
उज्जैन उत्तर से नए चेहरे की आवाज
उज्जैन दक्षिण विधानसभा क्षेत्र के बाद पूर्व सीएम दिग्विजयसिंह ने उज्जैन उत्तर विधानसभा क्षेत्र में बैठक करने के बाद कार्यकर्ताओं से संवाद किया। इस क्षेत्र में भी कांग्रेस लगातार चार बार से हार रही है। यहां मुद्दा कांग्रेस की बगावत का नहीं था
लेकिन नए चेहरे को अवसर देने की बात कार्यकर्ताओं ने कही। कांग्रेस के उमेश यादव ने कहा कि चुनाव आने पर ही जमीनी कार्यकर्ताओं को याद किया जाता है। बाद में उनकी सुध नहीं ली जाती है। विशाल यादव ने कहा कि चुनाव के दौरान जो नेता पार्टी विरोधी काम करते हैं, उन्हें बाद में पार्टी पद देती है।