चरक अस्पताल के आई वार्ड में नर्स ने हाथ की नस काटकर किया आत्महत्या का प्रयास

स्टाफ ने बेसुध हालत में देखा, दूसरे पति से चल रहा तलाक का केस
Thank you for reading this post, don't forget to subscribe!
अक्षरविश्व न्यूज:उज्जैन। चरक अस्पताल के आई वार्ड में पदस्थ नर्स ने ड्यूटी के दौरान ब्लेड से हाथ की नस काटकर आत्महत्या का प्रयास किया। स्टाफ ने उसे बेसुध हालत में देखा। इमरजेंसी से डॉक्टर को बुलाकर उसका उपचार शुरू कराया गया। फिलहाल नर्स आईसीयू में उपचाररत है। कोतवाली पुलिस ने अस्पताल पहुंचकर नर्स के बयान दर्ज किए हैं।
ऋषि नगर में रहने वाली 34 वर्षीय मोनिका पिता जॉन चरक अस्पताल के आई वार्ड में नर्स के पद पर पदस्थ हैं। शुक्रवार शाम 5 बजे स्टाफ के लोगों ने उसे वार्ड में बेसुध हालत में देखा। उसके हाथ की नस कटी थी और खून फैला था। इसकी सूचना तत्काल इमरजेंसी में दी गई। यहां ड्यूटी कर रहे डॉक्टर आई वार्ड में पहुंचे।
View this post on InstagramAdvertisement
मोनिका का प्रारंभिक उपचार कर उसे आईसीयू में शिफ्ट किया गया। स्टाफ ने बताया कि मोनिका ड्यूटी के दौरान विचलित दिख रही थी, लेकिन उसके द्वारा इस प्रकार का कदम उठाया जाएगा इसका भरोसा नहीं था। जब उसने हाथ की नस काटी तब वार्ड में न तो मरीज थे और न ही कोई कर्मचारी मौजूद था।
तीसरी बार किया प्रयास
सिविल सर्जन डॉ. अजय दिवाकर ने बताया कि मोनिका लंबे समय से आई वार्ड में पदस्थ है। उसने पूर्व में भी दो बार आत्महत्या का प्रयास किया था। हालांकि किन कारणों के चलते उसने हाथ की नस काटी इसकी जानकारी नहीं है।
फिलहाल उसका आईसीयू में उपचार चल रहा है। परिजन भी आईसीयू में ही हैं। पहले उससे पुलिस व अस्पताल अफसरों द्वारा चर्चा की जाएगी।
आपसी सहमति से चल रहा केस
मोनिका का पहले पति से तलाक हो चुका है। दूसरे पति से आपसी सहमति से इंदौर कोर्ट में तलाक का केस विचाराधीन है। वह मानसिक रूप से बीमार रहने के कारण दवाएं भी खाती है। लंबे समय से डिप्रेशन में रहने के कारण संभवत: उसने आत्महत्या का प्रयास किया।
दवाएं लेना बंद कर दी थी
कोतवाली थाना प्रभारी लीला सोलंकी ने बताया कि मोनिका द्वारा चरक अस्पताल के आई वार्ड में हाथ की नस काटकर आत्महत्या का प्रयास करने के मामले में उसके बयान दर्ज किए गए हैं। उसने पुलिस को बताया कि दूसरे पति से इंदौर कोर्ट में तलाक का केस चल रहा है। मानसिक रूप से बीमार रहने के कारण मनोरोग विशेषज्ञ की दवाएं ले रही थी। कुछ दिनों से दवाएं लेना बंद कर दिया था। ड्यूटी के दौरान मानसिक तनाव होने के चलते हाथ की नस काटकर आत्महत्या का प्रयास किया था। टीआई सोलंकी ने बताया कि मोनिका के बयानों की जांच की जाएगी।









