भाजपा के शहर जिलाध्यक्ष सीएम से राय लेकर बनाएंगे पदाधिकारी

दक्षिण क्षेत्र से दो और उत्तर क्षेत्र से एक महामंत्री बनेगा
Thank you for reading this post, don't forget to subscribe!
नगर जिले की कार्यकारिणी का इंतजार जल्द खत्म होगा
नरेंद्रसिंह अकेला उज्जैन। हेमंत खंडेलवाल के भाजपा प्रदेश अध्यक्ष बन जाने के बाद अब शहर की राजनीति में भी गर्माहट आ गई है। नगर कार्यकारिणी के गठन की चर्चाओं ने जोर पकड़ लिया है। कार्यकर्ताओं में जिज्ञासा है कि इस बार की कार्यकारिणी में किसे स्थान मिलेगा। पार्टी ने कुछ चेहरे तलाश लिए हैं लेकिन कुछ नामों पर चर्चा शेष है। कुछ नाम ऐसे भी हैं जिन्हें कार्यकारिणी से दूर रखा जाएगा। भाजपा के नगर जिलाध्यक्ष संजय अग्रवाल का साफ कहना है कि वे पार्टी द्वारा बनाई गई लाइन पर ही चलेंगे, इसमें उनका अपना कुछ नहीं रहेगा। सीएम डॉ. मोहन यादव से चर्चा के बाद ही कार्यकारिणी की घोषणा की जाएगी।
अक्षर विश्व से चर्चा करते हुए अग्रवाल ने कहा कि पार्टी में निष्ठावान कार्यकर्ताओं को तवज्जो दी जाती है। पिछले छह महीने में पूरी नजर रखी है। पता लगा लिया है कि पार्टी के प्रति निष्ठावान कौन हैं। नगर निगम अध्यक्ष कलावती यादव और विधायक अनिल जैन कालूहेड़ा से विचार-विमर्श चल रहा है। यह तय है कि दक्षिण क्षेत्र से दो महामंत्री बनाएंगे। एक महामंत्री उत्तर क्षेत्र से रहेगा। इसके अलावा अन्य पदों पर नियुक्तियों के लिए संतुलन बनाया जाएगा। कार्यकारिणी में सात महिला और अनुसूचित, जाति जनजाति के दो पद रखे जाएंगे।
03 महामंत्री
08 उपाध्यक्ष
08 मंत्री
01 कोषाध्यक्ष
प्रदेश अध्यक्ष की ताजपोशी का इंतजार था
संजय अग्रवाल 12 जनवरी 2025 को अध्यक्ष बनाए गए थे। इस लिहाज से छह माह बीत गए। अभी तक कार्यकारिणी का गठन नहीं किया गया। अग्रवाल ने कहा कि हमें प्रदेश अध्यक्ष की नियुक्ति का इंतजार था। अब निर्देश मिल गए हैं। प्रदेश अध्यक्ष ने भी उज्जैन आगमन पर यही टिप्स दी है कि निष्ठावान कार्यकर्ताओं की उपेक्षा न हो। पार्टी की गाइड लाइन के अनुसार आठ उपाध्यक्ष, तीन महामंत्री, आठ मंत्री और एक कोषाध्यक्ष की नियुक्ति होना है। जिले में कुल ९० सदस्य रहेंगे। इनमें ३० महिलाएं रहेंगी। इसके अलावा पंद्रह विशेष आमंत्रित सदस्यों की नियुक्ति की जाएगी। इस बार बारह मंडलों को कार्यकारिणी में प्रतिनिधित्व दिया जाएगा।
4 मोर्चों के गठन की प्रक्रिया शुरू होगी
अग्रवाल ने बताया कि नगर जिले की कार्यकारिणी के बाद भाजयुमो, महिला मोर्चा, पिछड़ा वर्ग मोर्चा और अनुसूचित जनजाति मोर्चा का गठन किया जाएगा। इसके बाद पार्टी द्वारा निर्देश मिलने के बाद प्रकोष्ठों का गठन किया जाएगा। यानी किसी भी समर्पित भाव रखने वाले कार्यकर्ता की अनदेखी नहीं होगी।
बयानबाजों पर पार्टी की नजर है
अग्रवाल ने कहा कि पिछले कुछ दिनों से देखा जा रहा है कि कुछ कार्यकर्ता पार्टी की गाइड लाइन तोड़ कर बयानबाजी कर रहे हैं। पार्टी के वरिष्ठ लोगों से सलाह लिए बगैर काम कर रहे हैं। ऐसे लोग पार्टी की नजर में हैं। जिले की कार्यकारिणी में ऐसे लोगों को तरजीह नहीं दी जाएगी। पार्टी की छवि बिगाडऩे वाले बेशक कितने भी सीनियर हों, उन्हें कार्यकारिणी में अवसर नहीं मिलेगा।