बेटे के ससुरालजनों से प्रताडि़त वृद्ध ने दी जान

सुसाइड नोट में आत्महत्या का कारण और चार लोगों के नाम लिखे
Thank you for reading this post, don't forget to subscribe!
उज्जैन। शीतल पैलेस पंवासा क्षेत्र में रहने वाले वृद्ध ने बेटे के ससुरालजनों से प्रताडि़त होकर सुसाइड नोट लिखा और फांसी लगाकर आत्महत्या कर ली। उसकी पत्नी ने शव को फंदे पर लटका देखा और पुलिस को सूचना दी। पुलिस ने शव का पीएम कराया है।

रणवीर पिता बिसनसिंह राठौर 57 वर्ष निवासी शीतल पैलेस मजदूरी करता था। वर्ष 2022 में उसके बेटे पुष्पेन्द्र की शादी गायत्री नगर में रहने वाली दीक्षा जादौन से हुई थी। पुष्पेन्द्र ने बताया कि शादी के कुछ माह बाद दीक्षा मायके लौट गई और थाने में दहेज प्रताडऩा की झूठी रिपोर्ट भी डाल दी। दीक्षा और उसके परिजन पिता रणवीर को प्रताडि़त करते थे व 10 लाख रुपयों की मांग भी कर रहे थे। उन्होंने रणवीर के साथ मारपीट भी की।

इसी से परेशान होकर पुष्पेन्द्र अहमदाबाद में नौकरी करने लगा। इधर दीक्षा के परिजनों से प्रताडि़त होकर रणवीरसिंह ने शनिवार को घर में फांसी लगाकर आत्महत्या कर ली। उसकी पत्नी ममता ने पति को फंदे पर लटका देख परिजन व पुलिस को सूचना दी। पुलिस ने सुसाइड नोट जब्त कर शव का पीएम कराया। रणवीर का बेटा अहमदाबाद में नौकरी करता है जबकि बेटी पुलिस आरक्षक है और पीटीएस में पदस्थ है।










