स्नान वाले दिन ट्रेनों से आने वाले श्रद्धालुओं को शहर से पहले रोकेंगे!

सिंहस्थ में क्राउड कंट्रोल प्लान… रेलवे स्टेशन पर दबाव कम करने की तैयारी
Thank you for reading this post, don't forget to subscribe!
सिंहस्थ-2028 को लेकर प्रशासन अलर्ट
चिह्नित स्टेशनों से सड़क मार्ग से आवागमन
अक्षरविश्व न्यूज उज्जैन। सिंहस्थ-2028 में १० करोड़ से ज्यादा श्रद्धालुओं के शामिल होने की संभावनाओं को देखते हुए जिला प्रशासन तैयारियों में जुटा है। इस दौरान भीड़ को कंट्रोल करने के लिए भी अभी से प्लानिंग शुरू कर दी गई है। शहर को चारों ओर से जोडऩे वाली सड़कों पर पार्किंग प्लान करने के साथ ही ट्रेन से आने वाले श्रद्धालुओं को कंट्रोल करने के लिए भी प्लान बनाया जा रहा है।
सूत्रों के मुताबिक इसे लेकर मेला अधिकारियों व प्रशासनिक अफसरों ने रेलवे अफसरों के साथ मिलकर खाका भी तैयार कर लिया है ताकि सिंहस्थ में स्नान वाले दिन भीड़ के कारण व्यवस्था न बिगड़े। प्लान के तहत स्नान वाले दिन उज्जैन रेलवे स्टेशन पर भीड़ को कम करने के लिए उज्जैन से पहले वाले स्टेशन पर ही यात्रियों को रोक लिया जाएगा। इसके लिए स्टेशन चिह्नित किए जा रहे हैं। इन स्टेशनों पर श्रद्धालुओं का ठहराव कराने के बाद उन्हें सड़क मार्ग से सिंहस्थ क्षेत्र व नदी घाट तक पहुंचाया जाएगा। इसके लिए स्टेशन तक कनेक्टिविटी की जा रही है। चिह्नित स्टेशनों पर रेलवे प्रबंधन यात्रियों के रुकने के लिए छांव, पानी, सुविधाघर आदि जरूरी सुविधाएं जुटाएगा।
इन रेलवे स्टेशनों पर जुटाएंगे सुविधाएं
रतलाम रूट- उज्जैन स्टेशन से रतलाम जाने वाली रेलवे लाइन पर नईखेड़ी-मोहनपुरा में विकास कार्य होंगे।
भोपाल रूट- शहर से भोपाल व गुना रूट को जोडऩे वाली लाइन से आने वाले यात्रियों के लिए पिंगलेश्वर और पंवासा में ट्रेन रुकवाने की व्यवस्था।
इंदौर रूट- उज्जैन को इंदौर से जोडऩे वाली रेल लाइन पर विक्रम नगर और चिंतामण स्टेशन पर यात्रियों के ठहराव के लिए सुविधाएं जुटाई जाएंगी।









