होटल, महंगी कारों के मालिक महाकाल के सेवादार

एक ने बसंत विहार में खरीदा एक करोड़ रुपए का बंगला…
Thank you for reading this post, don't forget to subscribe!
गर्भगृह में दर्शन कराने के नाम पर होता है सबसे बड़ा खेल
उज्जैन। महाकाल मंदिर में सेवा करने के नाम पर मेवा खाने वाले कर्मचारियों की टीम पर्दे के पीछे कई बड़े खेल करती है। टीम के कुछ सदस्यों के पास महंगी कारें हैं और एक ने पत्नी के नाम से इंदौर रोड पर होटल बनाई है। एक कर्मचारी ने बसंत विहार में एक करोड़ रुपए का बंगला खरीदा है। दर्शन कराने के खेल में बड़ी भूमिका पंडे-पुजारियों से जुड़े प्रतिनिधियों की भी होती है। गर्भगृह से दर्शन कराने के नाम पर भी बड़ा खेल होता है।
महाकाल मंदिर में दर्शन के नाम पर होने वाली धोखाधड़ी के सिलसिले में पुलिस ने छह और कर्मचारियों को पकड़ा है, जिनमें भस्मार्ती प्रभारी रितेश शर्मा, प्रोटोकॉल प्रभारी अभिषेक भार्गव, आईटी सेल प्रभारी राजकुमार, सभामंडप प्रभारी राजेंद्रसिंह सिसौदिया, क्रिस्टल कंपनी के सुपरवाइजर ओमप्रकाश माली और जितेंद्र पंवार को हिरासत में लिया है।
सूत्रों के अनुसार मंदिर से जुड़ी कर्मचारियों की टीम के पास महंगी कारें भी हैं, जिनसे वीआईपी दर्शनार्थियों को दर्शन करवाए जाते हैं। बदले में अच्छी आय होती है। एक कर्मचारी ने इंदौर रोड पर एक होटल खरीदी है। इसमें बाहर से आने वाले दर्शनार्थियों को ठहराया जाता है। इस तरह दर्शनार्थियों को पूरा पैकेज उपलब्ध करवाया जाता है। इससे कर्मचारी महीने में अच्छी आय हो जाती है। हिरासत में लिए गए एक कर्मचारी ने बसंत बिहार में एक करोड़ रुपए का बंगला खरीदा है। जो कर्मचारियों के बीच चर्चा का विषय है। रितेश को छोड़कर शेष आरोपी एक दिन के पुलिस रिमांड पर हंै।
कार के लिए लोन पास हो गया है: कर्मचारी कार खरीदने से पहले मंदिर कार्यालय और कर्मचारियों के बीच यह भी कहते थे कि कार खरीदने के लिए बैंक से लोन पास हो गया है, जिससे यह बात फैलाई जा सके कि बैंक से कर्ज लेकर काम किया जा रहा।
पंडे-पुजारियों के प्रतिनिधियों के माध्यम से खेल
महाकाल मंदिर में दर्शन के नाम पर होने वाली धोखाधड़ी में अभी बड़ी मछलियों के नाम भी सामने आना बाकी हैं। चर्चा है कि पंडे-पुजारियों के नाम से प्रतिनिधियों द्वारा भी दर्शन के माध्यम से खेल खेला जाता है। कई लोगों की होटलें भी हैं, जहां दर्शनार्थियों को पूरा पैकेज उपलब्ध करवाया जाता है। किसी खास दर्शनार्थी को भगवा वस्त्र और शोला पहनाकर दर्शन भी करवाए जाते हैं।