पंचायत सचिव ने पत्नी की साड़ी से फांसी लगाई

परिजन बोले…सीईओ और पीसीओ धमकी देकर बना रहे थे दबाव
Thank you for reading this post, don't forget to subscribe!
अक्षरविश्व न्यूज:उज्जैन। अपने अफसरों द्वारा दी जा रही धमकी से परेशान होकर पंचायत सचिव ने पत्नी की साड़ी से फांसी लगाकर आत्महत्या कर ली। सुबह बेटे ने पिता को फंदे पर लटका देखा। चिमनगंज थाना पुलिस ने मर्ग कायम कर शव का पीएम कराया है।
पुलिस ने बताया कि कमल कामल कालोनी में रहने वाला 38 वर्षीय दशरथ पिता मांगीलाल ग्राम पंचायत नेपानिया में सचिव था। सुबह उसके बेटे नयन सूर्यवंशी ने पिता को फांसी पर लटके देखा। परिजन ने बताया कि दशरथ अपनी पत्नी किरण, बेटे व ससुर मदनलाल गुजराती निवासी नजरपुर के साथ रात में गायत्री मंदिर में आयोजित विवाह समारोह में शामिल होने गया था। वहां से सभी लोग रात 9 बजे घर लौटे। ससुर अपने घर चले गए।
सुबह नींद से पत्नी व बेटा जागे। उन्होंने दशरथ को घर में तलाश किया। बेटा पिता को ढूंढते हुए खाली कमरे में पहुंचा। इधर पत्नी उसके मोबाइल पर कॉल कर रही थी। मोबाइल की रिंगटोन की आवाज खाली कमरे से आ रही थी। कमरे की लाइट जलाकर देखा दशरथ फंदे पर लटका था।
दोनों अफसरों की कॉल रिकार्डिंग मोबाइल में
दशरथ के ससुर मदनलाल गुजराती ने बताया कि सीईओ गुमान सिंह और पीसीओ पॉल साब दामाद को फोन पर बार-बार धमकी दे रहे थे। काम का दबाव बनाने के साथ ही हर माह लिए जाने वाले रुपए भी मांग रहे थे। दोनों अफसरों द्वारा धमकाने की कॉल रिकार्डिंग हमारे पास है।
सीईओ बोले… काम के लिए बोला था
सीईओ गुमान सिंह ने चर्चा में बताया कि दशरथ को काम के लिए कहा गया था। शासन की योजनाओं के काम समय सीमा में पूरे करना होते हैं। दशरथ का कहना था कि ऑनलाइन काम में परेशानी आ रही है तो उसे ऑफलाइन काम करने को कहा था। हमारे काम की समीक्षा जिला स्तर पर अफसरों द्वारा की जाती है, इस कारण अधीनस्थ कर्मचारियों से समय सीमा में काम कराना होता है। हर माह रुपए देने संबंधी बात की कोई जानकारी नहीं है।








