सांदीपनि आश्रम के पास 100 वर्ष से अधिक पुराना पीपल का पेड़ धराशायी, दो कारें दबी

बड़ा हादसा टला, जनहानि नहीं, पिछले वर्ष भी हो चुकी है घटना
Thank you for reading this post, don't forget to subscribe!
अक्षरविश्व न्यूज उज्जैन। सांदीपनि आश्रम के पास गुरुवार सुबह 100 वर्षों से अधिक पुराना पीपल का वृक्ष बीच सड़क पर आ गिरा जिसके नीचे इंदौर की दो कारें दबकर क्षतिग्रस्त हो गईं। सूचना मिलने पर नगर निगम की टीम और जीवाजीगंज थाना पुलिस मौके पर पहुंची।
खास बात यह कि दुर्घटना में कोई जनहानि नहीं हुई। उज्जैन दर्शनों के लिये आने वाले श्रद्धालु बड़ी संख्या में मंगलनाथ मार्ग स्थित सांदीपनि आश्रम में प्रतिदिन दर्शनों के लिये पहुंचते हैं। सुबह इंदौर से डॉ. राकेश सोनकर अपनी कार क्रमांक एमपी 09 सीआर 3147 से परिवार के साथ सुबह सांदीपनि आश्रम में दर्शनों को पहुंचे थे। उन्होंने अपनी कार मेन रोड़ के सेंटर में खड़ी की और दर्शनों के लिये चले गये। डॉ. सोनकर ने बताया कि सुबह करीब 8.29 बजे मंदिर परिसर में धमाके की आवाज सुनाई दी थी।
View this post on Instagram
बाहर आकर देखा तो हमारी कार पर पीपल का विशाल वृक्ष गिरा था जिस कारण कार पूरी तरह क्षतिग्रस्त हो गई। इसी प्रकार अभिषेक निवासी इंदौर ने बताया कि उसकी टैक्सी पासिंग कार एमपी 09 जेडएम 1802 में तीन लोगों को उज्जैन दर्शनों के लिये लाया था। सवारी आश्रम में दर्शनों के लिये गई थी और मैं कार से दूर खड़ा होकर मोबाइल पर बात कर रहा था तभी पीपल का पेड़ मेरी कार के ऊपर आकर गिरा। कार का अगला हिस्सा पूरी तरह क्षतिग्रस्त हो चुका है।
इस कारण गिर रहे मुख्य मार्गों के वृक्ष
सड़क निर्माण के दौरान बीच सड़क पर आने वाले वृक्षों को बचाने के लिये ठेकेदार द्वारा वृक्ष के आसपास से सड़क निर्माण कर देते हैं। अंकपात मार्ग से लेकर मंगलनाथ तक जाने वाले मार्ग पर दर्जनों की संख्या में इसी प्रकार के वर्षों पुराने वृक्ष लगे थे जिन्हें सीमेंट कांक्रीट सड़क निर्माण के दौरान बीच सड़क पर छोड़कर आसपास सड़क निर्माण करा दिया गया। वन विभाग के अफसर बताते हैं कि वृक्ष के आसपास सीमेंट कांक्रीट का पक्का निर्माण होने के कारण जड़ों तक पानी नहीं पहुंच पाता इस कारण कुछ ही वर्षों में जड़े कमजोर होने के बाद वृक्ष गिर जाते हैं। पिछले वर्ष भी सांदीपनि आश्रम के ठीक सामने ईमली का वर्षों पुराना विशाल वृक्ष यहां खड़े वाहनों पर गिरा था।
पुलिस और नगर निगम की टीम मौके पर पहुंची
सांदीपनि आश्रम मेन रोड़ पर पीपल का वृक्ष गिरने के बाद बड़ी संख्या में लोगों की भीड़ एकत्रित हो गई। यहां रहने वाले लोगों ने बताया कि उक्त वृक्ष 100 वर्ष से भी अधिक पुराना था। सूचना मिलने पर जीवाजीगंज थाना पुलिस व नगर निगम की टीम यहां पहुंची। पुलिस ने रोड़ की साइड से वाहनों का आवागमन शुरू कराया और भीड़ को एक तरफ किया। वहीं नगर निगम की टीम ने वृक्ष को काटकर हटाने का काम शुरू किया।









