एयर एम्बुलेंस सेवा का CM डॉ. मोहन यादव ने किया शुभारंभ

मेडिकल क्षेत्र में एक और बड़ी सुविधा…. एयर एंबुलेंस…सेवा का शुभारंभ….
मध्य प्रदेश को मुख्यमंत्री डॉ. मोहन यादव ने दी नई सौगात
आज उज्जैन से पीएम श्री एयर एम्बुलेंस सेवा का किया शुभारंभ
अक्षरविश्व न्यूज. उज्जैन:मध्यप्रदेश में अब आम मरीजों को भी एयर एम्बुलेंस सुविधा मिल सकेगी। यानी उन्हें कम समय में हेलिकॉप्टर के जरिए एयरलिफ्ट कर अस्पताल तक पहुंचाया जाएगा। मुख्यमंत्री डॉ. मोहन यादव ने शनिवार को उज्जैन में रीजनल इंडस्ट्री कॉन्क्लेव के मंच से वर्चुअली ‘पीएम श्री एयर एम्बुलेंस सेवा’ की शुरुआत की।

एयर एम्बुलेंस सेवा के तहत एक हेलिकॉप्टर और एक फिक्स विंग कन्वर्टेड फ्लाइंग आईसीयू विमान प्रदेश के सभी जिलों के लिए तैनात रहेंगे। स्पेशलाइज्ड डॉक्टर और पैरामेडिकल टीम इनमें होगी। इसका कमांड सेंटर भोपाल में है। प्रदेश के सभी स्वास्थ्य केंद्र और जिला अस्पताल इससे जोड़े गए हैं।
पहले इस सेवा का नाम मुख्यमंत्री एयर एम्बुलेंस तय हुआ, लेकिन मंच पर इसे मुख्यमंत्री ने ‘पीएम श्री एयर एम्बुलेंस सेवा’ नाम दिया। बता दें, मध्यप्रदेश में फिलहाल AIIMS ही ऐसा अस्पताल है, जहां हेलिपैड बना हुआ है।
इसमें एक हेलीकॉप्टर एवं एक एयरक्राफ्ट चिकित्सा सुविधाओं से सुसज्जित होगा। सेवा की औपचारिक शुरुआत लगभग 15 दिन बाद पूरे सेटअप से की जाएगी। एयर एंबुलेंस सेवा की शुरुआत के बाद मध्य प्रदेश के छोटे शहरों में गंभीर बीमारी से पीडि़तों को बड़े शहरों के अस्पताल तक पहुंचाने के लिए एयर एम्बुलेंस उपलब्ध होगी। इसके अलावा देश के अन्य राज्यों में स्थित अस्पतालों के लिए एयर एम्बुलेंस चलाई जाएगी।

नियंत्रण कक्ष भोपाल में
अधिकारिक सूत्रों के मुताबिक एयर एंबुलेंस सेवा का अभी उद्घाटन किया जा रहा है। इसकी विधिवत शुरुआत करीब 15 दिन बाद आवश्यक सेटअप के साथ होगी। इसके लिए भोपाल में नियंत्रण कक्ष स्थापित कर इस में स्वास्थ्य विभाग, मप्र नागरिक विमानन, उड्डयन विभाग के अधिकारी,डॉक्टर के साथ अन्य स्टॉफ की पदस्थापना कर संपर्क नंबर जारी किया जाएगा।
एयर एम्बुलेंस संचालन की समग्र सुरक्षा और प्रभावशीलता में संचार और नेविगेशन प्रणाली महत्वपूर्ण है। ऐसे में एयर एम्बुलेंस के जमीनी नियंत्रण, चिकित्सा सुविधाओं और अन्य विमानों के साथ निरंतर संपर्क बनाए रखने के लिए संचार और नेविगेशन प्रणालियों के लिए उन्नत तकनीक, जैसे उपग्रह संचार प्रणाली और जीपीएस नेविगेशन, वास्तविक समय संचार, सटीक स्थिति और कुशल रूटिंग सिस्टम का सेटअप भी रखा जाएगा।
बाद में राज्य सरकार खरीदेगी एयर एंबुलेंस
मध्य प्रदेश सरकार गंभीर मरीजों को त्वरित और बेहतर स्वास्थ्य सेवा प्रदान करने के लिए एयर एंबुलेंस सेवा शुरू करने जा रही है।एयर एम्बुलेंस में पैरामेडिक्स, नर्स और डॉक्टरों सहित उच्च प्रशिक्षित चिकित्सा पेशेवर तैनात रहेंगे। इसमें एक हेलीकाप्टर एवं एक एयरक्राफ्ट होगे,जो चिकित्सा सुविधाओं से सुसज्जित होगे। प्रारंभिक तौर पर निजी एयर कंपनी अनुबंध के आधार एयर एंबुलेंस के लिए एयरक्राफ्ट – हेलिकॉप्टर उपलब्ध कराएगी। इसमें विभिन्न कंपनियों से टेंडर के माध्यम से अनुबंध किया जाएगा। राज्य सरकार बाद में एयर एम्बुलेंस की खरीदी कर अपने विमानन बेड़े में शामिल करेगी। इसका प्रस्ताव राज्य का विमानन विभाग तैयार कर रहा है।
एयर एंबुलेंस सेवा के लाभ
गंभीर मरीजों को त्वरित और बेहतर स्वास्थ्य सेवाराज्य के दूरदराज के इलाकों में रहने वाले लोगों के लिए स्वास्थ्य सुविधाओं तक बेहतर पहुंच
मरीजों को समय पर अस्पताल पहुंचाने में मदद ओर मृत्यु दर में कमी।









