इश्योरेंस की राशि हड़पने वाले पुलिस गिरफ्त में

अक्षरविश्व न्यूज. उज्जैन:फर्जी दस्तावेज लगाकर इश्योरेंस की लाखों रुपयों की राशी निकालने के मामले में माधव नगर पुलिस ने आरोपियों को गिरफ्तार किया है।
पुलिस ने बताया कि टीना पति रोहित उदासी निवासी सुनेरा शाजापुर के पति रोहित की एक वर्ष पहले मृत्यु हो चुकी थी। रोहित ने एचडीएफसी लाइफ इंश्योरेंस में 26 लाख 44 हजार 901 रुपए का बीमा कराया था। पति की मौत के बाद टीना ने नवंबर 2023 में पॉलिसी निकालने के लिऐ आवेदन किया।
इसके बाद देवास जिले के बरोठा में रहने वाली पूजा पति अनिल चौहान और उसके साथी धर्मेन्द्र सांसी व अन्य लोगों ने मिलकर धोखाधड़ी की प्लानिंग की और उन्होंने टीना के पेनकार्ड, आधार कार्ड में फोटो बदलकर फर्जी दस्तावेज भी बैंक में पेश कर दिये। फर्जी महिला ने टीना बनकर फ्रीगंज स्थित एचडीएफसी इंश्योरेंस से दो बार में 19.80 लाख रुपये निकाल लिए और यह राशि देवास के बैंक में अपने खातों में ट्रांसफर करवा ली थी। इसकी जानकारी लगने पर टीना ने माधव नगर थाने में शिकायती आवेदन दिया जिसकी जांच के बाद पुलिस ने पूजा और धर्मेन्द्र को हिरासत में लिया है।









