प्रेमी जोड़े को होटल से पुलिस ने पकड़ा

मंदिर में मंगलसूत्र और हार पहनाकर शादी की
अक्षरविश्व न्यूज. उज्जैन:गाडरवारा से भागकर चार दिन पहले उज्जैन आये प्रेमी जोड़े को महाकाल थाना पुलिस ने होटल से पकड़ा और उनके परिजनों को सूचना दी। पुलिस ने बताया कि दोनों की गुमशुदगी गाडरवारा में दर्ज है।
राजकुमार कहार 22 वर्ष निवासी गाडरवारा का पड़ोस में रहने वाली 22 वर्षीय युवती से प्रेम प्रसंग था। दोनों के परिजन शादी को तैयार नहीं थे। इस कारण प्रेमी जोड़ा 18 मार्च को घर से भागकर उज्जैन आ गया और यहां मंदिर में जाकर राजकुमार ने युवती को मंगलसूत्र व माला पहनाकर शादी कर ली।
दोनों महाकाल थाना क्षेत्र की एक होटल में ठहरे थे। इधर थाने पर होटलों से आने वाली डेली रिपोर्ट की जांच में पुलिस को युवक-युवती के ठहरने की जानकारी मिली। पुलिस ने होटल जाकर चेक किया तो दोनों ने घर से भागकर आने और मंदिर में शादी करने की बात कबूली। पूछताछ के बाद पुलिस ने उनके परिजनों से संपर्क किया तो पता चला कि दोनों की गुमशुदगी गाडरवारा थाने में दर्ज है। राजकुमार ने बताया कि वह 10 वीं तक पढ़ा है और फिलहाल डीजे बजाने का काम करता है जबकि युवती बीए फायनल की छात्रा है।









