31 दिसंबर-नववर्ष पर हुड़दंग की तो पुलिस करेगी ‘इलाज’

डीआईजी और एसपी ने कानून व्यवस्था और सुरक्षा की समीक्षा की
Thank you for reading this post, don't forget to subscribe!
उज्जैन। 31 दिसंबर और नए साल पर यदि किसी ने नशे में या अन्य तरीके से हुड़दंग करते हुए कानून तोडऩे या शांति व्यवस्था भंग करने की कोशिश की तो पुलिस उसका इलाज करेगी। शनिवार को पुलिस कंट्रोल रूम में डीआईजी नवनीत भसीन और एसपी प्रदीप शर्मा ने कानून व्यवस्था और सुरक्षा की समीक्षा की। दरअसल, नववर्ष के मौके पर शांति, सुरक्षा एवं कानून व्यवस्था बनाए रखने के लिए सभी अधीनस्थ अधिकारियों को सख्त निर्देश दिए गए। उनसे कहा गया कि वे सतर्कता, संवेदनशीलता एवं अनुशासन के साथ कर्तव्यों का पालन करें ताकि नया साल सुरक्षित और शांतिपूर्ण तरीके से मनाया जा सके। बैठक में एएसपी शहर व देहात, सीएसपी, एसडीओपी (पुलिस) एवं जिले के सभी थाना प्रभारी उपस्थित रहे। देहात क्षेत्र के अधिकारी एवं टीआई वीडियो कॉन्फ्रेंसिंग के माध्यम से जुड़े।
यह भी दिए निर्देश
सार्वजनिक स्थलों जैसे होटल, रेस्टोरेंट, रिसोर्ट, ढाबा, बाजार, पार्क, मॉल एवं धार्मिक स्थलों पर विशेष सुरक्षा व्यवस्था एवं पुलिस की प्रभावी तैनाती की जाए।
महत्वपूर्ण प्रतिष्ठानों, मॉल एवं बाजार क्षेत्रों में एंटी-सैबोटाज चैकिंग करवाई जाए।
यातायात व्यवस्था को सुदृढ़ रखें तथा नशे में वाहन चलाने वालों के विरुद्ध ब्रीथ एनालाइजर से जांच करें।
नए साल की पूर्व संध्या पर शराब पीकर वाहन चलाने, हुड़दंग करने वालों पर निगरानी रखते हुए साक्ष्य अनुसार कठोर कार्रवाई की जाए।
पिकनिक स्पॉट पर पर्याप्त पुलिस बल की तैनाती की जाए। नदी, डेम एवं जलाशयों के समीप स्थित पिकनिक स्पॉट्स पर मोटर ोट, गोताखोर एवं अन्य सुरक्षा उपकरणों की व्यवस्था की जाए।
छात्रावासों में जाकर संबंधित स्टाफ एवं विद्यार्थियों को नववर्ष पर सुरक्षा, अनुशासन एवं कानून पालन के संबंध में समझाइश दी जाए।
किसी भी प्रकार के हथियार लेकर चलने पर प्रतिबंध रहेगा एवं उल्लंघन पर कड़ी कार्रवाई की जाएगी।
तेज स्पीड से वाहन चलाने वालों के खिलाफ विशेष अभियान चलाकर कार्रवाई की जाए।
नववर्ष के आयोजनों के दौरान ध्वनि प्रदूषण न हो, इसके लिए व्यापक प्रचार-प्रसार किया जाए तथा ध्वनि प्रदूषण करने वालों के खिलाफ वैधानिक कार्रवाई की जाए।
इधर, व्यवस्थाएं देखने पहुंचे पुलिस कप्तान
मंदिरों की नगरी में न्यू ईयर को लेकर तैयारियां जोरशोर से चल रही हैं। ३१ दिसंबर और नववर्ष पर भगवान महाकाल के दर्शन के लिए देशभर से श्रद्धालुओं का आना शुरू हो गया है। इसका अंदाजा इसी बात से लगाया जा सकता है कि बीत तीन दिनों में करीब ५ लाख श्रद्धालु बाबा के दरबार में पहुंचे और आने वाले दिनों में यह आंकड़ा १२ लाख को पार कर सकता है। आने वाले दिनों मेें ट्रैफिक व्यवस्था को आसान बनाए रखने के लिए एसपी प्रदीप शर्मा शनिवार को श्री महाकाल मंदिर क्षेत्र का दौरान करने पहुंचे। उन्होंने मंदिर परिसर के अलावा दर्शन मार्ग, बैरिकेडिंग व्यवस्था, पार्किंग स्थल तथा यातायात मार्गों का जायजा लिया और अधिकारियों को जरूरी निर्देश भी दिए।









