IG और DIG कार्यालय के पुलिसकर्मी सप्ताह में दो दिन संभालेंगे शहर का ट्रैफिक

शहर में श्रद्धालुओं की बढ़ती संख्या और पुलिस बल की कमी के बाद लिया फैसला
Thank you for reading this post, don't forget to subscribe!
अक्षरविश्व न्यूज|उज्जैन। शहर की ट्रैफिक व्यवस्था ध्वस्त है। खासतौर से पुराने शहर के मुख्य मार्गों की। यातायात थाने के अफसर पुलिस बल की कमी बताते हैं। वाहन चालक मनमानी करते हैं। दूसरी ओर महाकाल लोक बनने के बाद देश भर से शहर में प्रतिदिन हजारों की संख्या में श्रद्धालुओं का आगमन हो रहा है। समस्या का कुछ हद तक समाधान करने के लिए आईजी और डीआईजी का स्टाफ सप्ताह में दो दिन शहर की यातायात व्यवस्था संभालेगा।
डीएसपी दिलीप सिंह परिहार ने बताया कि क्षेत्रफल के मान से यातायात थाने में पुलिस बल की कमी है। शहर में वीआईपी और वीवीआईपी मूवमेंट, जुलूस, सवारी के साथ ही विभिन्न आयोजन भी होते हैं जिनमें यातायात थाने का पुलिस बल ड्यूटी करता है। इस कारण थाने के पुलिसकर्मी यातायात व्यवस्था ड्यूटी ठीक से नहीं कर पाते।
उज्जैन दर्शन के लिए प्रतिदिन हजारों की संख्या में श्रद्धालु उज्जैन पहुंचते हैं इनमें अधिकांश संख्या उन लोगों की होती है जो अपनी कार, बस, ट्रेवलर आदि निजी वाहनों से आते हैं। इस कारण पुराने शहर की यातायात व्यवस्था प्रभावित होती है। खास तौर से महाकाल मंदिर, रामघाट, गोपाल मंदिर, हरसिद्धि क्षेत्र में यातायात का दबाव अत्यधिक रहता है।
अवकाश के दिनों में वाहनों की संख्या दो गुना से अधिक हो जाती है। इसी समस्या के समाधान के लिए आईजी व डीआईजी द्वारा अपने स्टाफ के पुलिसकर्मियों की ड्यूटी सप्ताह में दो दिन यातायात व्यवस्था के लिए लगाई गई है।
IG स्टाफ के 19 और DIG के 8
आईजी उमेश जोगा के स्टाफ के 19 आरक्षक, प्रधान आरक्षक और डीआईजी नवनीत भसीन स्टाफ के 8 पुलिसकर्मियों द्वारा सप्ताह के प्रत्येक शनिवार, रविवार को यातायात पुलिस के साथ शहर में सेवाएं दी जा रही है। उक्त पुलिसकर्मियों को दो शिफ्ट सुबह 7 से दोपहर 2 और दोपहर 2 से रात 10 बजे तक 14-13 की संख्या में विभाजित किया गया है।
इनकी ड्यूटी डायवर्शन, पेट्रोलिंग और पाइंट पर लगाई जा रही है। यह लोग महाकालेश्वर मंदिर के चारों ओर ट्रैफिक कंट्रोल करते हैं। नीलकंठ द्वार से महाकाल घाटी की तरफ, गोपाल मंदिर से पटनी बाजार, लोहे का पुल, महाकाल घाटी से हरसिद्धि की पाल से गुदरी की ओर जाने वाले चार पहिया वाहनों को कंट्रोल कराने के साथ ही क्रेन में उक्त पुलिसकर्मी पेट्रोलिंग भी कर रहे हैं। पेट्रोलिंग के दौरान सड़क पर खड़े वाहनों को हटवाने का काम भी किया जाता है।
यातायात सुधार पर गंभीर हैं आईजी
आईजी उमेश जोगा जहां पदस्थ रहे यातायात सुधार में अपनी पहचान बनाई थी। अक्षर विश्व से चर्चा में उन्होंने कहा कि शहर के अंदरूनी मार्गों के साथ ही हाईवे का यातायात सुधारना प्राथमिकता है। उज्जैन दर्शन के लिए आने वाले श्रद्धालुओं का सबसे अधिक दबाव महाकालेश्वर मंदिर और रामघाट क्षेत्र में होता है। निरीक्षण के दौरान उक्त क्षेत्र में यातायात व्यवस्था सुधारने की आवश्यकता नजर आई थी। अवकाश के दिनों में लोगों की संख्या बढ़ जाती है। इसी के चलते कार्यालय के स्टाफ की ड्यूटी यातायात संभालने में लगाई है।