तिरुपति से लौट रहे यात्री का पर्स चोरी

उज्जैन। ट्रेनों में बदमाशों की धमाचौकड़ी जारी है। यात्रियों की लापरवाही का फायदा उठाकर बदमाश बेखौफ चोरी की वारदातों को अंजाम दे रहे हैं। अब तिरुपति बालाजी की यात्रा कर उज्जैन तिरुपति-हिसार साप्ताहिक ट्रेन से उज्जैन लौट रहे यात्री का सिरहाने रखा पर्स अज्ञात बदमाश चोरी कर ले गया। इसमें सोने का ब्रेसलेट सहित अन्य सामान था।
Thank you for reading this post, don't forget to subscribe
उज्जैन पहुंचने पर यात्री ने जीआरपी थाने में शिकायत की। जीआरपी ने बताया कि नानाखेड़ा के रहने वाले कैलाश अग्रवाल अपने परिवार के साथ तिरुपति बालाजी के दर्शन कर तिरुपति-हिसार साप्ताहिक ट्रेन से उज्जैन आ रहे थे। उन्होंने अपना पर्स सिरहाने रखा था और सो गए।
शुजालपुर और ताजपुर के बीच किसी अज्ञात बदमाश ने यात्री के गहरी नींद में होने का फायदा उठाते हुए पर्स चुरा लिया। घटना के कुछ देर बाद जब उनकी नींद खुली तो पर्स नदारद था। पर्स में सोने का ब्रेसलेट, घड़ी और ईयरफोन कुल ९१ हजार रुपए का सामान रखा था। उज्जैन पहुंचने पर बुधवार को उन्होंने जीआरपी को शिकायत की। मामले में पुलिस अज्ञात बदमाश की तलाश में जुटी है।









