महाकाल महालोक में खिलेंगे अष्टकमल सहित दुर्लभ सहस्त्रदल

बसंत पंचमी पर लक्ष्मी और विष्णु कमल सहित 10 से अधिक प्रजातियों का रोपण किया

अक्षरविश्व न्यूज उज्जैन। श्री महाकाल महालोक में बसंत पंचमी पर एक अनूठी पहल की गई है। परिसर की सुंदरता बढ़ाने के लिए यहां दुर्लभ प्रजाति के कमल का रोपण किया गया है। अब महाकाल के आंगन में लक्ष्मी और विष्णु कमल जैसे विश्व प्रसिद्ध पुष्प आने वाले दर्शनार्थियों का मन मोहेंगे। वास्तु कमल विशेषज्ञ प्रमोद गायकवाड़ के मार्गदर्शन में इन पौधों को लगाया गया है। सहायक प्रशासक आशीष फलवाडिय़ा ने बताया कि महाकाल महालोक के जलाशयों में लक्ष्मी कमल, विष्णु कमल और सहस्रदल कमल जैसी 10 से अधिक ऐसी प्रजातियां लगाई गई हैं जो अपनी सुंदरता और धार्मिक महत्व के लिए दुनियाभर में जानी जाती हैं। इन पौधों का विकास ४० से 50 दिनों में पूरा हो जाएगा।
150 दिनों तक खिले रहेंगे फूल
विशेषज्ञों के अनुसार इन पौधों का विकास आगामी 40 से 50 दिनों में पूर्ण हो जाएगा। इसके बाद यह लगभग 150 दिनों तक लगातार फूलों से लदे रहेंगे। इस विशेष रोपण कार्यक्रम के दौरान श्री महाकालेश्वर मंदिर समिति के सहायक प्रशासक मूलचंद जूनवाल, इंजीनियर शिवकांत पांडे सहित मंदिर प्रबंधन के कई कर्मचारी और सदस्य उपस्थित रहे।
जलाशयों को साफ रखेंगी मछलियां
जलाशयों की स्वच्छता और पारिस्थितिक संतुलन बनाए रखने के लिए एक विशेष तकनीक अपनाई गई है। पानी को साफ रखने के लिए उसमें गंबुशिया और मौली मछलियां छोड़ी गई हैं। ये मछलियां मच्छरों के लार्वा और अन्य कीटों को खाकर पानी को साफ रखेंगी जिससे श्रद्धालुओं को किसी प्रकार की असुविधा न हो। मंदिर समिति का मानना है कि इन दुर्लभ कमल के खिलने से महाकाल महालोक की दिव्यता में और अधिक वृद्धि होगी।
इन विशेष प्रजातियों से सजेगा परिसर
सहस्त्रदल-इस दिव्य कमल में एक हजार पंखुडिय़ां रहेंगी।
लोंग कांचा- यह शीतल सफेद रंग की आभा बिखेरेगा।
ड्रॉप ब्लड-यह गहरे सूर्ख लाल रंग का अत्यंत आकर्षक फूल होगा।
विष्णु कमल- यह शालीन ऑफ व्हाइट रंग में दिखाई देगा।
लक्ष्मी कमल- यह हमारी पारंपरिक देसी प्रजाति का कमल है।
अष्ट दल- विशेष संरचना वाला यह फूल आठ पंखुडिय़ों का होगा।
कावेरी- इस बड़े आकार के फूल में 850 पंखुडिय़ां खिलेंगी।
रेड पियोनी- लाल रंग के इस फूल में लगभग 900 पंखुडिय़ां होंगी।
ग्रीन एप्पल- यह अपनी बनावट में बिल्कुल कच्चे सेब की तरह नजर आएगा।
पिंक क्लाउड-गुलाबी रंग का सुंदर फूल 450 पंखुडिय़ों वाला होगा।









