मध्यप्रदेश-छत्तीसगढ़ के 650 स्वयंसेवक लेंगे द्वितीय वर्ष का प्रशिक्षण
अक्षरविश्व प्रतिनिधि .उज्जैन। राष्ट्रीय स्वयंसेवक संघ के मध्य क्षेत्र का संघ शिक्षा वर्ग आज शाम से लोकमान्य टिळक शिक्षा परिसर,नीलगंगा में प्रारम्भ होगा। इस वर्ग में मध्यप्रदेश -छत्तीसगढ़ के 650 स्वयंसेवक द्वितीय वर्ष (सामान्य)का प्रशिक्षण लेंगे।
जानकारी के अनुसार ये स्वयंसेवक मध्यप्रदेश और छत्तीसगढ़ के विभिन्न स्थानों से चयनित होकर द्वितीय वर्ष प्रशिक्षण के लिए 15 मई से 05 जून तक इसी परिसर में आवासीय रहेंगे। इनकी दिनचर्या प्रात: 5 बजे से रात्रि 10 बजे तक रहेगी। इसमें भोजन,विश्राम के अलावा अन्यान्य गतिविधियां शामिल रहेंगी।
इस दौरान ये राष्ट्र निर्माण के लिए किए जानेवाले कार्यो की समझ विकसित करेंगें। सूत्रों के अनुसार उक्त परिसर में 650 प्रशिक्षणार्थियो के अलावा करीब 200 अन्य स्वयंसेवक भी आवासीय रहेंगे। जोकि रोजमर्रा की व्यवस्थाओं के अंग रहेंगे। सूत्र बताते हैं कि इस वर्ग में संघ के अखिल भारतीय,क्षेत्र और विभिन्न प्रकल्पों के पदाधिकारी भी मार्गदर्शन हेतु अलग अलग दिनों में आएंगे।
यह महत्वपूर्ण पदाधिकारी आ सकते हैं
सूत्र बताते हैं कि संघ के माननीय सरसंघचालक डॉ. मोहन भागवत, सर कार्यवाह, सहसरकार्यवाह, अखिल भारतीय अधिकारी इन 20 दिनों में प्रवास करेंगे। इनका बौद्धिक प्रशिक्षणार्थीगणों हेतु रहेगा। आवास भी इन्ही के साथ होगा।
करवाएंगे शिविर दर्श
सूत्र बताते हैं कि वर्ग के दौरान विभिन्न संस्थाओं के चिन्हित प्रतिनिधियों और गणमान्यजनों को शिविर दर्शन हेतु आमंत्रित किया जाएगा। इस दौरान वर्ग की गतिविधियों से अवगत करवाया जाएगा।
आज 3 बजे बाद विशेष प्रवेश बन्द
वर्ग में चयनित मध्यप्रदेश और छत्तीसगढ़ के स्वयंसेवको को आज दोपहर 12 बजे तक प्रवेश दिया जाएगा। विशेष स्थिति में कोई यात्रागत कठिनाई से होनेवाली देरी पर देरी के कारण की पुष्टि होने पर 3 बजे तक प्रवेश दिया जाएगा। उसके बाद प्रवेश बन्द हो जाएगा।